AMIT LEKH

Post: ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए उनके टोले में पहुंच रहा प्रशासन : जिला पदाधिकारी

ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए उनके टोले में पहुंच रहा प्रशासन : जिला पदाधिकारी

रिपोर्ट : उप-संपादक, बेतिया डेस्क

संत रविदास समरसता संकल्प अभियान के तहत सेनुवरिया में आयोजित हुआ विकास शिविर, दर्जनों ग्रामीण हुए लाभान्वित

जिला पदाधिकारी ने दीप प्रज्जवलित कर विकास शिविर का किया शुभारंभ

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। श्री गुरू संत रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर ‘श्री गुरू संत रविदास समरसता संकल्प अभियान’ के तहत आज मझौलिया प्रखंड अंतर्गत सेनुवरिया पंचायत के वार्ड संख्या-12 में ’श्री संत रविदास विकास शिविर’ का आयोजन किया गया।

फोटो : मोहन सिंह

जिला पदाधिकारी, तरनजोत सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। शिविर में ग्रामीणों की कई समस्याओं एवं आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन किया गया। शिविर के माध्यम से दर्जनों ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया। शेष आवेदन निष्पादन हेतु प्रक्रियाधीन है। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि गुरू संत रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में विकास एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों को गति दी जा रही है।

छाया : अमिट लेख

इसी क्रम में ग्रामीणों को उनके टोला एवं पंचायत स्तर पर सरकारी योजनाओं का लाभ सहज रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह शिविर आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित किसी भी योजना का लाभ लेने में यदि किसी ग्रामीण को कठिनाई हो रही है अथवा किसी प्रकार की समस्या है, तो वे शिविर में अपनी समस्या दर्ज कराकर उसका समाधान करा सकते हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े। जिला पदाधिकारी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों से जीवन प्रमाणीकरण अनिवार्य रूप से कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि जीवन प्रमाणीकरण नहीं कराने पर पेंशन भुगतान प्रभावित हो सकता है।

छाया : अमिट लेख

पंचायत सरकार भवन में पूर्व से ही जीवन प्रमाणीकरण की सुविधा उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त आज आयोजित शिविर में भी कार्यपालक सहायक आवश्यक संसाधनों के साथ उपस्थित हैं, जहां पेंशनधारी अपना जीवन प्रमाणीकरण करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आवास योजना, शौचालय योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने के उद्देश्य से उनके टोला में ही इस प्रकार के विकास शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे शिविर में उपलब्ध सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपनी समस्याओं एवं जरूरतों से प्रशासन को अवगत कराएं।

छाया : अमिट लेख

शिविर में ग्रामीणों द्वारा विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदन एवं समस्याएं प्रस्तुत की गईं, जिनके समाधान के लिए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की गई। इससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त हुआ। एक ग्रामीण द्वारा विवाह भवन बनाने की मांग की गयी। इस संदर्भ में जिला पदाधिकारी द्वारा प्रखंड विकास पदाधिकारी को अग्रेतर कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया। इस अवसर पर माननीय मुखिया श्रीमती ज्योति श्रीवास्तव, प्रखंड 20 सूत्री उपाध्यक्ष अशोक पटेल, प्रखंड विकास पदाधिकारी राजीव रंजन, सरपंच नरेश राउत सहित अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Comments are closed.

Recent Post