रिपोर्ट : उप-संपादक, बेतिया डेस्क
जिला पदाधिकारी के निर्देश पर अधिकारियों ने ओपीडी, आईपीडी, दवा वितरण केंद्र एवं स्टोर रूम सहित अन्य कक्षों का किया निरीक्षण
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। जिला पदाधिकारी, पश्चिम चम्पारण, तरनजोत सिंह के निर्देश के आलोक में आज नगर आयुक्त, नगर निगम, बेतिया सुश्री शिवाक्षी दीक्षित एवं वरीय उप समाहर्ता श्रीमती रोचना माद्री ने राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच), बेतिया का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं एवं अन्य चिकित्सा सामग्रियों की विस्तृत जांच की।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जीएमसीएच के ओपीडी, आईपीडी, दवा वितरण केंद्र, स्टोर रूम सहित विभिन्न कक्षों का गहन जायजा लिया। इस क्रम में अस्पताल में उपलब्ध दवाओं एवं चिकित्सा सामग्रियों के स्टॉक, वितरण व्यवस्था तथा मरीजों को मिल रही सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने अस्पताल में इलाजरत मरीजों एवं उनके परिजनों से भी सीधे संवाद कर चिकित्सकीय सुविधाओं, दवा की उपलब्धता, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की सेवाओं तथा अस्पताल की अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया।

निरीक्षण के क्रम में जीएमसीएच प्रशासन को अस्पताल में उपलब्ध दवाओं की अद्यतन सूची प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने, साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ एवं नियमित रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया गया। साथ ही, आवश्यक दवाओं एवं चिकित्सा सामग्रियों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों ने चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य कर्मियों की रोस्टर के अनुसार शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा मरीजों को सरकार द्वारा देय सभी सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं ससमय उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।


