रिपोर्ट : विशेष ब्यूरो, पटना डेस्क
शिकायत में गंभीर आरोप लगाया गया है कि जब इन आपत्तिजनक पोस्टों को सोशल मीडिया से हटाने के लिए संबंधित प्रोफाइल व पेज संचालकों से संपर्क किया गया, तो उन्होंने 50,000 की मांग की
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
पटना, (विशेष ब्यूरो)। सारण साइबर थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) विनोद कुमार सिंह की तस्वीरों को असामाजिक तत्वों द्वारा एडिट कर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक एवं भ्रामक सामग्री के साथ प्रसारित करने का मामला सामने आया है। पीड़ित अधिकारी की शिकायत पर इस संबंध में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। आरोपियों ने अधिकारी की वर्दीधारी और सिविल ड्रेस की तस्वीरों को एक महिला और युवक की फोटो के साथ जोड़कर पोस्ट किया था। प्राथमिकी के अनुसार, बीते10 सितंबर को अधिकारी को उनके परिचितों के जरिए इस कृत्य की जानकारी मिली। जांच में सामने आया कि फेसबुक पर “Siwan Talkies” पेज/ग्रुप, “मेरवा रिपोर्ट” ग्रुप तथा “Nitesh Singh Sengar” नामक प्रोफाइल से ये विवादित फोटो, वीडियो और ऑडियो प्रसारित किए जा रहे थे। इस कृत्य के माध्यम से पुलिस विभाग और अधिकारी की सामाजिक व पेशेवर छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। शिकायत में गंभीर आरोप लगाया गया है कि जब इन आपत्तिजनक पोस्टों को सोशल मीडिया से हटाने के लिए संबंधित प्रोफाइल व पेज संचालकों से संपर्क किया गया, तो उन्होंने 50,000 की मांग की। राशि का भुगतान न करने पर सामग्री को लगातार वायरल करने की धमकी दी गई। मामले में नितेश कुमार सिंह, दीपांजलि कुमारी और ‘मैरवा रिपोर्ट’ के ग्रुप एडमिन को नामजद किया गया है। शिकायतकर्ता अधिकारी ने पुलिस को घटना से संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट के स्क्रीनशॉट, यूआरएल लिंक, ऑडियो क्लिप और रंगदारी की मांग से जुड़े अन्य साक्ष्य सौंप दिए हैं। पुलिस ने मामले की आधिकारिक जांच शुरू कर दी है और डिजिटल साक्ष्यों की तकनीकी पड़ताल के बाद संबंधित आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


