रिपोर्ट : छपरा डेस्क
12 माह की सेवा के बाद भी वेतन का इंतजार, नव नियुक्त विद्यालय लिपिकों व परिचारियों ने लगाई गुहार
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
छपरा, (सारण)। जिले के विभिन्न विद्यालयों में कार्यरत नव नियुक्त विद्यालय लिपिकों एवं परिचारियों ने लंबित वेतन भुगतान को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी से गुहार लगाई है। कर्मियों ने आवेदन देकर कहा है कि वे लगभग एक वर्ष (12 माह) की सेवा पूरी कर चुके हैं और अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें नियमित रूप से वेतन का भुगतान नहीं हो पा रहा है। जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिए आवेदन में नव नियुक्त कर्मियों ने बताया है कि किसी कर्मचारी को मात्र एक-दो माह, तो किसी को तीन-चार माह का वेतन ही मिल पाया है। वहीं, अधिकांश नव नियुक्त विद्यालय लिपिकों का आठ माह से अधिक का वेतन अब भी लंबित है। लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। कर्मियों ने कहा कि वेतन के अभाव में घर-परिवार का खर्च चलाना, मकान का किराया देना, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति करना बेहद कठिन हो गया है। कई कर्मचारी अपने परिवार की मूलभूत जरूरतों को पूरा करने के लिए आर्थिक परेशानी और मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं। आवेदन के माध्यम से कर्मियों ने जिला शिक्षा पदाधिकारी से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए मामले में आवश्यक हस्तक्षेप करने तथा संबंधित पदाधिकारियों को नव नियुक्त विद्यालय लिपिकों के सभी लंबित बकाया वेतन की शीघ्र निकासी एवं भुगतान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देने की मांग की है। नव नियुक्त विद्यालय लिपिकों ने उम्मीद जताई है कि उनकी आर्थिक कठिनाईयों और परिवार की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए विभाग इस मामले में शीघ्र उचित कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि वे पूरी निष्ठा से अपनी सेवा दे रहे हैं और विभाग से केवल अपने मेहनताने का समय पर भुगतान चाहते हैं। मामले में आवेदन मिलने के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी की ओर से नियमानुसार कार्रवाई व निर्देश दिए जाने की बात कही गई है।


