रिपोर्ट : बांका डेस्क
निर्माण पूरा नहीं होने से छोटी-छोटी बीमारियों के इलाज के लिए भी जाना पड़ता है दूर
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बाराहाट, (अनूप कुमार)। प्रखंड क्षेत्र के मिर्जापुर पंचायत अंतर्गत चंगेरी गांव में करीब एक वर्ष से उप स्वास्थ्य केंद्र का भवन अधूरा पड़ा हुआ है। निर्माण कार्य पूरा नहीं होने के कारण ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है।

छोटी-छोटी बीमारियों के इलाज के लिए भी ग्रामीणों को दूर स्थित स्वास्थ्य केंद्रों का रुख करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि करीब एक वर्ष पूर्व उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण कार्य जोर-शोर से शुरू हुआ था। निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों में काफी खुशी थी और उन्हें उम्मीद जगी थी कि गांव में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। लेकिन कुछ समय बाद निर्माण कार्य बंद हो गया और भवन अधूरा ही रह गया। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, अधूरे पड़े भवन का निर्माण कार्य पूरा कराने को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों से कई बार मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। इसके कारण ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि सरकार द्वारा गांव के लोगों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण कराया जा रहा था। लेकिन निर्माण अधूरा रहने से इसका उद्देश्य ही अधूरा रह गया है। लंबे समय से देखरेख के अभाव में भवन की स्थिति भी धीरे-धीरे खराब होती जा रही है और इसके खंडहर में तब्दील होने की आशंका बढ़ रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब अधूरे उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण कार्य पूरा कराने तथा जल्द से जल्द स्वास्थ्य सेवा शुरू कराने की मांग की है, ताकि गांव के लोगों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़े।


