रिपोर्ट : बेतिया डेस्क
“स्वच्छता ही सेवा” के अभियान के तहत बच्चों की कलम से नगर निगम प्रशासन घर-घर पहुंचा रहा स्वच्छता का संदेश
‘एक पत्र अभिभावक के नाम’ कार्यक्रम के माध्यम से नगर के स्कूली विद्यार्थियों ने अपने परिवार और समाज को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत नगर निगम कार्यालय परिसर, बेतिया में स्कूली विद्यार्थियों के साथ ‘एक पत्र अभिभावक के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

महापौर गरिमा देवी सिकारिया की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने अभिभावकों एवं परिवारजनों के नाम पत्र लिखकर स्वच्छता को दैनिक जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाने का संदेश दिया। बच्चों की कलम से निकला यह संदेश केवल कागज तक सीमित नहीं, बल्कि स्वच्छता के प्रति परिवार और समाज की जिम्मेदारी को मजबूत करने की पहल बना। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पत्रों के माध्यम से पास पड़ोस व अपने अभिभावकों से घर, गली, मोहल्ले और आसपास के सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने तथा दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को स्वच्छता अभियान का सहभागी बनाते हुए उनके माध्यम से परिवारों तक व्यवहार परिवर्तन का संदेश पहुंचाना रहा।

महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि हमारे बच्चे समाज में सकारात्मक बदलाव के सबसे प्रभावी संदेशवाहक बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग, नगर निगम या सफाईकर्मी की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने पत्रों के माध्यम से अभिभावकों को जागरूक करें और स्वयं भी स्वच्छता के आदर्श बनें। महापौर ने कहा कि “आइए, आप सभी और अन्य विद्यार्थी बच्चों के माध्यम से स्वच्छता की अलख हर घर तक पहुंचाएं और स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बेतिया के संकल्प को साकार करें।” कार्यक्रम ने बच्चों की रचनात्मक भागीदारी के साथ स्वच्छता को जन-अभियान से आगे बढ़ाकर हर परिवार की रोजमर्रा की जिम्मेदारी बनाने का सार्थक संदेश दिया।








