AMIT LEKH

Post: जिला पदाधिकारी ने जीएमसीएच के विभिन्न वार्डों का किया निरीक्षण

जिला पदाधिकारी ने जीएमसीएच के विभिन्न वार्डों का किया निरीक्षण

रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 22 सितम्बर 2026

मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के दिए निर्देश

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। जिला पदाधिकारी, पश्चिम चम्पारण, तरनजोत सिंह ने आज जीएमसीएच, बेतिया का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सर्जरी ओपीडी, मेडिसिन ओपीडी, आईसीयू, मेल एवं फीमेल मेडिसिन वार्ड, इमरजेंसी वार्ड, डायलिसिस वार्ड, ईसीजी रूम सहित अस्पताल के विभिन्न वार्डों एवं महत्वपूर्ण चिकित्सा इकाइयों का जायजा लिया।

फोटो : मोहन सिंह

निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, मरीजों की व्यवस्था, साफ-सफाई, आवश्यक संसाधनों एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा जीएमसीएच प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला पदाधिकारी ने विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे संवाद कर अस्पताल प्रबंधन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं, जांच एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल परिसर एवं सभी वार्डों में समुचित साफ-सफाई एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

साथ ही, आवश्यकता के अनुसार रंग-रोगन एवं रख-रखाव का कार्य सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया, ताकि मरीजों एवं उनके परिजनों को बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण मिल सके। जिला पदाधिकारी ने अस्पताल में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को हर समय फंक्शनल रखने तथा उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ सुव्यवस्थित, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना भी आवश्यक है। उन्होंने जीएमसीएच प्रशासन को अस्पताल की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करते हुए मरीजों की सुविधाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर नगर आयुक्त, नगर निगम, बेतिया सुश्री शिवाक्षी दीक्षित सहित जीएमसीएच के अधीक्षक, प्राचार्य एवं अन्य डाॅक्टर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Recent Post