AMIT LEKH

Post: जीएमसीएच में अव्यवस्था पर भड़की विधानसभा गैर सरकारी संकल्प समिति, कमियों को प्रोसीडिंग में किया दर्ज

जीएमसीएच में अव्यवस्था पर भड़की विधानसभा गैर सरकारी संकल्प समिति, कमियों को प्रोसीडिंग में किया दर्ज

रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 26 सितम्बर 2026

समिति के सभापति फैसल रहमान एवं सदस्यों ने कहा कि निरीक्षण के दौरान सामने आई सभी कमियों और शिकायतों को नोट डाउन कर समिति की प्रोसीडिंग में शामिल किया गया है

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। दो दिवसीय स्थल अध्ययन यात्रा पर पश्चिम चंपारण पहुंची बिहार विधानसभा की गैर सरकारी संकल्प समिति ने शनिवार को जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं संस्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया। समिति के सभापति फैसल रहमान तथा सदस्य अभिषेक रंजन एवं अभिषेक आनंद ने अधिकारियों के साथ बैठक के बाद गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल (जीएमसीएच), बेतिया, गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज, कुमारबाग के निर्माणाधीन हॉस्टल भवन तथा मझौलिया चीनी मिल से जुड़े मामलों का निरीक्षण एवं समीक्षा की।

जीएमसीएच में चिकित्सकों की गैरमौजूदगी पर भड़की समिति

जीएमसीएच के निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं में कई गंभीर कमियां सामने आने पर समिति के सभापति एवं सदस्यों ने कड़ी नाराजगी जताई। अस्पताल के विभिन्न वार्डों और सुविधाओं के निरीक्षण के दौरान बेड पर चादर उपलब्ध नहीं होने, एक्सपायर ब्लड कलेक्शन ट्यूब के इस्तेमाल, ड्रेनेज व्यवस्था में खामियां तथा आवश्यक चिकित्सकीय कर्मियों की अनुपस्थिति का मामला सामने आया। खास तौर पर ड्यूटी के समय चिकित्सकों के मौजूद नहीं रहने की स्थिति पर समिति ने कड़ी आपत्ति जताई और अस्पताल प्रबंधन से जवाब मांगा। निरीक्षण के दौरान कई मरीजों एवं उनके परिजनों ने इलाज में लापरवाही, चिकित्सकों की उपलब्धता तथा अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं को लेकर शिकायतें भी समिति के समक्ष रखीं। समिति ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों एवं जूनियर चिकित्सकों से बात कर मरीजों को समुचित एवं समय पर इलाज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। समिति ने स्पष्ट किया कि सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को किसी भी स्तर पर अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। समिति के सभापति फैसल रहमान एवं सदस्यों ने कहा कि निरीक्षण के दौरान सामने आई सभी कमियों और शिकायतों को नोट डाउन कर समिति की प्रोसीडिंग में शामिल किया गया है। पूरे मामले की विस्तृत जांच एवं निरीक्षण रिपोर्ट बिहार विधानसभा अध्यक्ष को भेजी जाएगी। कमियों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए समिति अपनी अनुशंसा भी विधानसभा अध्यक्ष को भेजेगी।

Leave a Reply

Recent Post