AMIT LEKH

Post: हड़ताल से पहले रविवार को भी खुले बैंक, सोमवार से तीन दिनों तक बैंकिंग सेवाएं रहेंगी प्रभावित

हड़ताल से पहले रविवार को भी खुले बैंक, सोमवार से तीन दिनों तक बैंकिंग सेवाएं रहेंगी प्रभावित

रिपोर्ट : पटना डेस्क, 27 सितम्बर 2026

सोमवार, मंगलवार और बुधवार को देशभर में बैंककर्मियों की हड़ताल प्रस्तावित है, जिसके कारण लगातार तीन दिनों तक सामान्य बैंकिंग कार्यकाजों पर बड़ा असर पड़ सकता है

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

पटना, (विशेष ब्यूरो)। सोमवार से बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल को देखते हुए रविवार को भी अधिकांश बैंक शाखाएं खुली रहीं। ग्राहकों की सुविधा और संभावित परेशानी को कम करने के लिए उच्च स्तर से रविवार को बैंकिंग सेवाएं बहाल रखने का निर्णय लिया गया, जिससे बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपने आवश्यक वित्तीय कार्य निपटाए। नवादा के अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM) संजय कुमार ने बताया कि बैंक कर्मचारी संगठन सप्ताह में 5 दिन काम (5-Day Work Week) लागू करने समेत कई पुरानी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार, मंगलवार और बुधवार को देशभर में बैंककर्मियों की हड़ताल प्रस्तावित है, जिसके कारण लगातार तीन दिनों तक सामान्य बैंकिंग कार्यकाजों पर बड़ा असर पड़ सकता है। रविवार को बैंक खुले रहने की सूचना से आम लोगों को बड़ी राहत मिली। शाखाओं में पहुंचे ग्राहकों ने बताया कि हड़ताल के कारण होने वाली असुविधा से पहले ही उनके जरूरी काम पूरे हो गए। कई ग्राहकों ने बैंक कर्मचारियों की 5-दिवसीय कार्यप्रणाली (5-Day Banking) की मांग का समर्थन करते हुए सरकार से इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। तीन दिवसीय हड़ताल के दौरान शाखाओं में कामकाज ठप रहने की संभावना है। हालांकि, ग्राहकों के लिए डिजिटल बैंकिंग, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और ATM सेवाएं उपलब्ध रहेंगी या नहीं, यह संबंधित बैंकों की आंतरिक व्यवस्था पर निर्भर करेगा। प्रशासन और बैंक प्रबंधन का मुख्य उद्देश्य रविवार को सेवाएं देकर आम जनता की परेशानी को कम करना रहा।

Leave a Reply

Recent Post