AMIT LEKH

Post: नेपाल में भारी वर्षा और गंडक नदी का बढ़ता जलस्तर

नेपाल में भारी वर्षा और गंडक नदी का बढ़ता जलस्तर

रिपोर्ट : पटना डेस्क, 27 सितम्बर 2026

जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट, जिलाधिकारी ने वाटर वोट से किया तटबंधों का निरीक्षण 

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

 पटना/मोतिहारी, (विशेष ब्यूरो)। नेपाल के तराई क्षेत्रों में हो रही भारी वर्षा तथा गंडक नदी के जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए पूर्वी चंपारण जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। संभावित स्थिति से निपटने की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने अपर समाहर्ता और बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल मोतिहारी के अभियंताओं के साथ संग्रामपुर अंचल के गांवों सहित गंडक नदी के किनारे वाले अधिकांश क्षेत्रों का वाटर वोट से पेट्रोलिंग कर निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि वर्तमान में सभी तटबंध सुरक्षित हैं, परंतु नदी में पानी का बहाव और उसका ट्रेंड अभी भी बढ़ रहा है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी ने जिले के सभी संबंधित पदाधिकारियों को अगले कुछ घंटों में पूरी सतर्कता बरतने और सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया है। नदी तटीय क्षेत्रों में तत्काल माइकिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं ताकि लोगों को समय रहते सतर्क किया जा सके। इसके अलावा सभी नदी किनारे के टोलों को निकटवर्ती आश्रय स्थलों और सामुदायिक रसोई से टैग करने को कहा गया है। नावों की व्यवस्था और सुरक्षा: बाढ़ संभावित क्षेत्रों में नावों की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा नावों पर लाल झंडा एवं आवश्यक बैनर/फ्लेक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। सभी अंचलों में पर्याप्त मात्रा में पॉलिथीन शीट का स्टॉक रखने को कहा गया है। तटबंधों की निरंतर निगरानी व नियमित पेट्रोलिंग के लिए होमगार्ड जवानों की तैनाती की गई है। अनुमंडल पदाधिकारियों को कमांडेंट से संपर्क कर जवानों की नियमित ड्यूटी सुनिश्चित करने को कहा गया है। आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए एसडीआरएफ (SDRF) के कर्मियों को तैनात करने तथा स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल कैंप एवं एंबुलेंस को पूरी तरह तैयार अवस्था में रखने का निर्देश दिया गया है। मुखिया व अन्य पंचायती राज प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आम लोगों तक सूचना पहुँचाने तथा स्थानीय फीडबैक लेने को कहा गया है। साथ ही, एसडीपीओ और थानाध्यक्षों को विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि संभावित आपदा को देखते हुए पूर्व तैयारी, सतत निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Leave a Reply

Recent Post