AMIT LEKH

Post: गंडक की बाढ़ से पश्चिमी चंपारण में 11,190 लोग प्रभावित

गंडक की बाढ़ से पश्चिमी चंपारण में 11,190 लोग प्रभावित

रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 28सितम्बर 2026

जिला प्रशासन ने प्रभावित लोगों के लिए 14 सामुदायिक किचेन संचालित किए हैं, जहां भोजन की व्यवस्था की जा रही है

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। गंडक नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी के बाद आई बाढ़ से पश्चिमी चंपारण जिले के विभिन्न अंचलों में 11,190 लोग प्रभावित हुए हैं। जिला प्रशासन ने प्रभावित लोगों के लिए 14 सामुदायिक किचेन संचालित किए हैं, जहां भोजन की व्यवस्था की जा रही है। प्रभावित परिवारों के बीच सूखा राशन भी उपलब्ध कराया जा रहा है। जिला आपदा प्रबंधन शाखा की प्रभारी पदाधिकारी नगमा तबस्सुम ने बताया, “27 सितंबर 2026 की रात्रि तक जिले के विभिन्न अंचलों में 11,190 प्रभावित व्यक्तियों को चिह्नित किया गया है। प्रभावित लोगों के लिए 14 सामुदायिक किचेन संचालित किए जा रहे हैं, जहां भोजन की व्यवस्था की गई है। साथ ही प्रभावित परिवारों के बीच सूखा राशन भी उपलब्ध कराया जा रहा है।” उन्होंने कहा, “सभी सामुदायिक किचेन में आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं, शौचालय तथा स्वच्छ पेयजल भी प्रभावितों को उपलब्ध कराई जा रही है।” इस बीच, बगहा विधायक राम सिंह ने बगहा के चखनी राजवटिया स्थित सामुदायिक किचेन का निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए भोजन तैयार करने और वितरण की व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किचेन के संचालन से जुड़े लोगों से जानकारी ली और भोजन व्यवस्था की स्थिति देखी।बगहा-2 अंचल के लक्ष्मीपुर रमपुरवा राहत केंद्र में 304 प्रभावित लोगों के रहने की व्यवस्था की गई है। राहत केंद्र में रह रहे सभी 304 लोगों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता के अनुसार सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। अधिकारियों को प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सामग्री और सुविधाएं समय पर पहुंचाने का निर्देश दिया गया है। नेपाल में हुई भारी बारिश के बाद गंडक के जलस्तर में बढ़ोतरी को देखते हुए प्रशासन संवेदनशील और निचले इलाकों पर नजर बनाए हुए है। स्थिति के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य जारी रखा जा रहा है।

Leave a Reply

Recent Post