AMIT LEKH

Post: बगहा में बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे सांसद पप्पू यादव, तटबंध टूटने पर सरकार और विभाग पर साधा निशाना

बगहा में बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे सांसद पप्पू यादव, तटबंध टूटने पर सरकार और विभाग पर साधा निशाना

रिपोर्ट : बेतिया  डेस्क, 29 सितम्बर 2026

इस दौरान सांसद ने बाढ़ पीड़ित परिवारों के बीच राहत सामग्री और आर्थिक सहायता भी वितरित की

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। पश्चिम चंपारण जिले के बगहा-1 प्रखंड के खैरटवा में चंपारण तटबंध टूटने की सूचना पर मंगलवार को पूर्णिया सांसद पप्पू यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त तटबंध का निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान सांसद ने बाढ़ पीड़ित परिवारों के बीच राहत सामग्री और आर्थिक सहायता भी वितरित की। उनके साथ बगहा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी सह समाजसेवी जयेश मंगल सिंह भी मौजूद रहे।

फोटो : मोहन सिंह

सांसद ने चंपारण तटबंध के तीन स्थानों पर टूटने को लेकर सरकार और विभागीय व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हर वर्ष एंटी एरोजन और फ्लड फाइटिंग के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं, इसके बावजूद तटबंध सुरक्षित नहीं रह पा रहा है। उन्होंने तटबंध टूटने के लिए जिम्मेदार अभियंताओं और अधिकारियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पप्पू यादव ने कहा कि वर्ष 2024 के बाद अब 2026 में भी तटबंध टूटने से बगहा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों की परेशानी बढ़ गई है। वाल्मीकिनगर-बगहा क्षेत्र हर वर्ष बाढ़ की गंभीर स्थिति का सामना करता है, जिससे हजारों एकड़ फसल प्रभावित होती है और ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने तटबंधों की स्थायी सुरक्षा के लिए गाइड बांध और ठोकर निर्माण कराने तथा नदी में जमा गाद की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत व्यवस्था मजबूत करने पर भी जोर दिया। सांसद ने पर्याप्त संख्या में नाव उपलब्ध कराने, मेडिकल सुविधाएं बढ़ाने और कम्युनिटी किचन संचालित करने की मांग की। साथ ही वर्ष 2024 और 2026 में तटबंध टूटने की उच्चस्तरीय जांच कराकर जिम्मेदार अधिकारियों और अभियंताओं पर कार्रवाई की मांग की। सांसद ने सरकार से बगहा और वाल्मीकिनगर क्षेत्र को राष्ट्रीय आपदा क्षेत्र घोषित करने की मांग भी की। उन्होंने बाढ़ प्रभावित किसानों का पांच वर्ष का ऋण माफ करने तथा फसल और अन्य संपत्ति के नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि बाढ़ से हुई क्षति का ड्रोन और एआई तकनीक से सर्वे कराया जाए, ताकि वास्तविक नुकसान का सटीक आकलन हो सके और पीड़ितों को तत्काल राहत व उचित क्षतिपूर्ति मिल सके। पप्पू यादव ने सड़क मार्ग से पश्चिम चंपारण के विभिन्न बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं के समाधान और राहत पहुंचाने के लिए सरकार को तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

Leave a Reply

Recent Post