रिपोर्ट : छपरा डेस्क, 29 सितम्बर 2026
* आरबीएसके टीम ने स्क्रीनिंग के दौरान बच्चे को किया था चिन्हित
* मेडिवर्सल मातृ अस्पताल में नि:शुल्क होगा ऑपरेशन
* स्वास्थ्य विभाग ने एंबुलेंस से बच्चे को पटना भेजा
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
एकमा, (सारण)। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत सारण जिला के एकमा प्रखंड के कटे होंठ और तालु की जन्मजात विकृति से पीड़ित बच्चे को इलाज के लिए मंगलवार को पटना भेजा गया। बच्चे की सर्जरी मेडिवर्सल मातृ अस्पताल में नि:शुल्क की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने बच्चे और उसके परिजन को एंबुलेंस से अस्पताल भेजने की व्यवस्था की। आरबीएसके की चलंत चिकित्सा टीम आंगनबाड़ी केंद्रों और विद्यालयों में नियमित रूप से बच्चों की स्वास्थ्य जांच करती है। इसी स्क्रीनिंग के दौरान एकमा क्षेत्र के दो बच्चों रियांश राज वैभव और पलक कुमारी में कटे होंठ-तालु की समस्या की पहचान की गई थी। दोनों बच्चों को सर्जरी के लिए चिन्हित किया गया था, लेकिन मंगलवार को परिजन के साथ केवल एक बच्चा ही एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा। इसके बाद उसे एंबुलेंस से सदर अस्पताल के माध्यम से पटना भेज दिया गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बच्चों को इलाज के लिए निजी वाहन या आर्थिक संसाधनों पर निर्भर न रहना पड़े, इसके लिए नि:शुल्क परिवहन की सुविधा दी जा रही है। अस्पताल में सर्जरी के बाद बच्चों को आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल भी उपलब्ध कराई जाएगी। परिजनों को उपचार से जुड़ी जरूरी जानकारी और मार्गदर्शन दिया गया है। एकमा सीएचसी में आरबीएसके टीम के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमरजीत कुमार सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के तहत केवल बच्चों की पहचान ही नहीं की जाती, बल्कि जांच, विशेषज्ञ परामर्श और उपचार तक की पूरी व्यवस्था की जाती है। उन्होंने बताया कि एकमा क्षेत्र से दो बच्चों को इलाज के लिए चिन्हित किया गया था। मंगलवार को एक बच्चे को ही पटना भेजा जा सका। स्वास्थ्य विभाग विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में लगातार स्क्रीनिंग कर ऐसे बच्चों को समय पर उपचार से जोड़ने का प्रयास कर रहा है। इस मौके पर डॉ. आयुष्मान कुमार समेत अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। सारण जिले के विभिन्न प्रखंडों से कुल 21 बच्चों को इलाज के लिए चिन्हित कर भेजा गया है।








