रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 09 अक्टूबर 2026
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत आज विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, बेतिया, पश्चिम चंपारण में सोलर मेला सह सोलर लोन मेला का आयोजन किया गया
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत आज विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, बेतिया, पश्चिम चंपारण में सोलर मेला सह सोलर लोन मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त काजले नितिन वैभव द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर विद्युत कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, बेतिया द्वारा मेले में उपस्थित सभी अतिथियों, बैंक पदाधिकारियों, सोलर वेंडरों, विभागीय पदाधिकारियों एवं उपभोक्ताओं का स्वागत किया गया।

उपभोक्ताओं की विद्युत संबंधी समस्याओं के त्वरित निष्पादन एवं बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नवनिर्मित कार्यालय में फ्यूज कॉल सेंटर का भी शुभारंभ उप विकास आयुक्त काजले नितिन वैभव द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्युत कार्यपालक अभियंता ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि अब तक योजना के अंतर्गत कुल 3,459 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 3,253 वेंडरों का चयन, 808 सोलर संयंत्रों की स्थापना तथा 718 वितरण संबंधी मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं, योजना के तहत 1,963 ऋण आवेदन किए गए हैं, जिनमें से 268 ऋण आवेदन प्रक्रियाधीन हैं।

अपने संबोधन में उप विकास आयुक्त काजले नितिन वैभव ने बैंक के सभी पदाधिकारियों, सोलर वेंडरों, संबंधित विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से आपसी समन्वय एवं सक्रिय सहभागिता के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि अधिक-से-अधिक उपभोक्ता प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने योजना के निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने तथा आम नागरिकों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया। इस पहल का उद्देश्य स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना, बिजली पर होने वाले खर्च को कम करना तथा आम उपभोक्ताओं को सोलर संयंत्र स्थापित कराने एवं बैंक ऋण की सुविधा से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराना है, ताकि अधिक-से-अधिक लोग इस योजना से लाभान्वित हो सकें।

कार्यक्रम में विद्युत कार्यपालक अभियंता, सहायक विद्युत अभियंता, कनीय विद्युत अभियंता (जेई), विभिन्न बैंकों के पदाधिकारी, सोलर वेंडर तथा विद्युत विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आम उपभोक्ताओं तक इसके लाभ पहुँचाने के लिए समन्वित प्रयास करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।








