रिपोर्ट ; बेतिया डेस्क, 10 अक्टूबर 2026
47 पदकों के साथ तलवारबाजी में शानदार प्रदर्शन
एथलेटिक्स में कई स्वर्ण पदक, फुटबॉल में बालिका टीम विजेता और बालक टीम उपविजेता, शतरंज में छह खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। प्रमंडल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026-27 में पश्चिम चंपारण के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का मान बढ़ाया। एथलेटिक्स, तलवारबाजी, फुटबॉल, भारोत्तोलन एवं शतरंज सहित विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में तलवारबाजी के विभिन्न वर्गों में जिले के खिलाड़ियों ने कुल 47 पदक जीतकर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। वहीं, एथलेटिक्स में कई स्वर्ण पदक जीतने के साथ फुटबॉल और शतरंज में भी जिले को महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुईं। एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पश्चिम चंपारण के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बालिका वर्ग में मुस्कान ने लंबी कूद एवं हाई जंप, शीतल ने 1500 मीटर दौड़, कोमल ने 100 मीटर दौड़ तथा अनु ने गोला फेंक, डिस्कस थ्रो एवं जैवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक हासिल किया।

वहीं, गीता ने 3000 मीटर एवं 1500 मीटर दौड़, रागिनी ने 400 मीटर दौड़ और प्रीति ने 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। अंडर-17 बालक वर्ग में युसूफ ने 400 मीटर दौड़, नूर आलम ने 800 मीटर दौड़ तथा आयुष आर्य ने डिस्कस थ्रो में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन आयोजित तलवारबाजी (फेंसिंग) में पश्चिम चंपारण के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुल 47 पदक अपने नाम किए। इसमें 9 स्वर्ण, 15 रजत एवं 23 कांस्य पदक शामिल हैं। खिलाड़ियों ने अपनी फुर्ती, तकनीक, अनुशासन एवं खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

तलवारबाजी में मिली यह उपलब्धि खिलाड़ियों के निरंतर अभ्यास, कठिन परिश्रम और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाती है। भारोत्तोलन प्रतियोगिता में अंडर-19 वर्ग के वाहिद इमरान एवं वंश कुमार सहित अंडर-17 वर्ग के खिलाड़ियों ने भाग लिया। बालिका वर्ग में महिमा एवं स्वीटी कुमारी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए। खिलाड़ियों के प्रदर्शन से जिले में खेल प्रतिभाओं की संभावनाएं और मजबूत हुई हैं। फुटबॉल प्रतियोगिता में पश्चिम चंपारण की अंडर-19 बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं, बालक टीम उपविजेता रही।

दोनों टीमों ने बेहतर तालमेल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय देते हुए जिले को गौरवान्वित किया। शतरंज के क्षेत्र में भी पश्चिम चंपारण को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता के लिए जिले के छह खिलाड़ियों का चयन किया गया है। चयनित खिलाड़ी राज्य स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रभारी जिला खेल पदाधिकारी राकेश कुमार ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की सफलता तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन से जिले के खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों में खुशी का माहौल है। प्रमंडल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026-27 में पश्चिम चंपारण के खिलाड़ियों का प्रदर्शन जिले में खेल प्रतिभाओं की प्रचुरता को दर्शाता है। विशेष रूप से तलवारबाजी में 9 स्वर्ण, 15 रजत एवं 23 कांस्य सहित कुल 47 पदकों की उपलब्धि ने जिले की खेल उपलब्धियों में एक नया अध्याय जोड़ा है। खिलाड़ियों की इस सफलता से जिले के अन्य युवाओं को भी खेलों के प्रति प्रेरित होकर अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा।








