AMIT LEKH

Post: पश्चिम चम्पारण के दो शतरंज खिलाड़ी राष्ट्रीय विद्यालय प्रतियोगिता के लिए चयनित

पश्चिम चम्पारण के दो शतरंज खिलाड़ी राष्ट्रीय विद्यालय प्रतियोगिता के लिए चयनित

रिपोर्ट :बेतिया डेस्क,  15 अक्टूबर 2026

शिवांश बरनवाल ने अंडर-14 बालक वर्ग में जीता स्वर्ण पदक

प्रबल सिंह ने भी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बनाई जगह

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। पश्चिम चम्पारण जिले के लिए गौरव का क्षण है। जिले के दो होनहार शतरंज खिलाड़ी शिवांश बरनवाल और प्रबल सिंह ने राज्य स्तरीय विद्यालय शतरंज प्रतियोगिता-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय विद्यालय शतरंज प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया है। शिवांश बरनवाल ने अंडर-14 बालक वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल कर जिले का मान बढ़ाया, जबकि प्रबल सिंह ने अंडर-19 बालक वर्ग में पांचवां स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने का गौरव हासिल किया।

फोटो : मोहन सिंह

खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना तथा जिला प्रशासन, अररिया के संयुक्त तत्वावधान में 12 से 14 अक्टूबर 2026 तक अररिया स्थित खेल भवन में राज्य स्तरीय विद्यालय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में तिरहुत प्रमंडल के चार खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय विद्यालय शतरंज प्रतियोगिता के लिए किया गया, जिनमें पश्चिम चम्पारण के दोनों खिलाड़ी शामिल हैं।

छाया : अमिट लेख

चम्पारण शतरंज अकादमी के संस्थापक-सह-प्रशिक्षक एवं राष्ट्रीय शतरंज कोच श्री शाहिद हुसैन ने बताया कि अंडर-14 बालक वर्ग में शिवांश बरनवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छह राउंड में पांच अंक अर्जित किए और प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, अंडर-19 बालक वर्ग में प्रबल सिंह ने छह राउंड में 4.5 अंक अर्जित करते हुए पांचवां स्थान प्राप्त किया। दोनों खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन जिले में शतरंज खेल की बढ़ती प्रतिभा और खिलाड़ियों की मेहनत का प्रमाण है। जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने कहा कि पश्चिम चम्पारण के खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना जिले के लिए गर्व की बात है। शिवांश बरनवाल और प्रबल सिंह ने अपनी प्रतिभा, मेहनत एवं लगन से जिले को गौरवान्वित किया है। उन्होंने दोनों चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने तथा जिले का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रभारी जिला खेल पदाधिकारी राकेश कुमार ने कहा कि राज्य स्तरीय विद्यालय शतरंज प्रतियोगिता में जिले के दोनों खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होना हर्ष का विषय है। शिवांश बरनवाल ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है, वहीं प्रबल सिंह ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर पूरे उत्साह, आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने की कामना की। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर राष्ट्रीय शतरंज कोच शाहिद हुसैन, जिला खेल कार्यालय के अमरेन्द्र कुमार सिंह, अजय कुमार मिश्र, शारीरिक शिक्षा शिक्षक नयन मणि कुमार, डॉ. मोहम्मद गुलजार, नवीन जायसवाल, आशीष वर्मा सहित जिले के अनेक शतरंज खिलाड़ियों एवं खेलप्रेमियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दोनों खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Recent Post