AMIT LEKH

Post: शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में दुर्गा पूजा सम्पन्न कराने को लेकर जिला पदाधिकारी ने की समीक्षा बैठक

शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में दुर्गा पूजा सम्पन्न कराने को लेकर जिला पदाधिकारी ने की समीक्षा बैठक

रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 15 अक्टूबर 2026

सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने, पूजा-पंडालों एवं विसर्जन मार्गों का भौतिक सत्यापन करने तथा सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने का निर्देश

सोशल मीडिया पर सतत निगरानी, अफवाह फैलाने वालों पर त्वरित कार्रवाई, ड्रोन से निगरानी एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई पर जोर

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। दुर्गा पूजा (दशहरा) पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, पश्चिम चम्पारण, तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में आज प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधि-व्यवस्था संधारण, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, अग्निशमन व्यवस्था, विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा तथा आमजन की सुविधाओं से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की गई।

फोटो : मोहन सिंह

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पर्व के दौरान सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी पूरी सजगता, सतर्कता एवं सक्रियता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहेंगे तथा पूजा-पंडालों, विसर्जन स्थलों, विसर्जन मार्गों एवं अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों का भौतिक सत्यापन कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को नियमित निरीक्षण एवं सतत अनुश्रवण करने का निर्देश दिया। साथ ही, बिना सक्षम अनुमति के किसी भी पदाधिकारी को मुख्यालय नहीं छोड़ने की हिदायत दी गई। जिला पदाधिकारी ने पूजा-पंडालों एवं संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने, भीड़ प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था करने, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (पब्लिक एड्रेस सिस्टम) को क्रियाशील रखने का निर्देश दिया।

छाया : अमिट लेख

उन्होंने आवश्यकता के अनुसार चेकपोस्ट स्थापित करने, वाच टावर के माध्यम से निगरानी करने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने तथा यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बाइकर्स की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने, यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन कराने तथा असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई अभियान चलाकर करने का निर्देश दिया। पूजा-पंडालों एवं विसर्जन के दौरान शांति समिति के सदस्यों को सक्रिय रखने तथा प्रशासन एवं पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी बल दिया गया। जिला पदाधिकारी ने विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, समुचित प्रकाश व्यवस्था तथा प्रशिक्षित गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए एम्बुलेंस एवं अग्निशमन वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार उन्हें केंद्रीयकृत व्यवस्था के तहत तैनात रखने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। अश्लील एवं भड़काऊ गीतों के प्रसारण पर प्रभावी रोक लगाने के साथ ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग से संबंधित निर्देशों का भी सख्ती से अनुपालन कराया जाए। जिला पदाधिकारी ने सोशल मीडिया की सतत निगरानी करने तथा भ्रामक, आपत्तिजनक एवं अफवाह फैलाने वाली सामग्री के प्रसार पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाए, ताकि सामाजिक सौहार्द एवं विधि-व्यवस्था प्रभावित नहीं हो। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार ड्रोन के माध्यम से निगरानी करने का भी निर्देश दिया। बैठक में अधीक्षक, मद्य निषेध को लगातार छापेमारी अभियान चलाने तथा अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त होटलों, ढाबों एवं लॉजों की नियमित जांच करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा बाइकर्स की निगरानी एवं यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर विशेष अभियान चलाने को कहा गया। भारत-नेपाल सीमा पर भी विशेष सतर्कता बरतने तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वर्तमान जलस्तर की स्थिति को ध्यान में रखते हुए जिला पदाधिकारी ने नावों के परिचालन में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। आवश्यकता पड़ने पर एसडीआरएफ एवं एनडीआरएफ की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूर्व तैयारी रखने को कहा गया। जिला पदाधिकारी ने पूजा-पंडालों एवं अन्य भीड़भाड़ वाले स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, पर्याप्त प्रकाश तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था एवं जनसुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक, बेतिया, कुमार गौतम एवं पुलिस अधीक्षक, बगहा, राजेश कुमार ने भी पुलिस पदाधिकारियों को विधि-व्यवस्था संधारण, सुरक्षा प्रबंधन एवं सतर्क निगरानी के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में उप विकास आयुक्त, काजले वैभव नितिन, नगर आयुक्त, नगर निगम, बेतिया, सुश्री शिवाक्षी दीक्षित, अपर समाहर्ता, राजीव रंजन सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी, बेतिया सदर, विकास कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, बगहा, श्रीमती चाँदनी कुमारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा, सुजीत कुमार सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Recent Post