रिपोर्ट : छपरा डेस्क, 23 अक्टूबर 2026
सभी 20 केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान संपन्न
सदर, रिविलगंज, मांझी, गरखा एवं एकमा प्रखंड मुख्यालय स्थित मतदान केंद्रों पर पहुंचकर लिया मतदान व्यवस्था का जायजा
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
छपरा, (सारण)। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 के तहत शुक्रवार को सारण जिले के सभी 20 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से मतदान संपन्न हुआ। मतदान सुबह 8 बजे शुरू हुआ और शाम 4 बजे समाप्त हो गया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने छपरा सदर, रिविलगंज, मांझी, गरखा एवं एकमा प्रखंड मुख्यालय स्थित मतदान केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों तथा मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने जिला नियंत्रण कक्ष सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और मतदान संचालन की स्थिति का अवलोकन किया। स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों पर सुपर जोनल एवं जोनल दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों तथा त्वरित कार्रवाई दल (क्यूआरटी) की ओर से लगातार निगरानी की गई। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और मतदान कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। मतदान समाप्त होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों की उपस्थिति में मतपेटियों को सील किया गया। इसके बाद मतदान दलों, जोनल दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की देखरेख में मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निर्धारित बज्रगृह के लिए रवाना किया गया। प्रशासन के अनुसार, 03-सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत सारण जिले के सभी 20 मतदान केंद्रों पर मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई।








