रिपोर्ट : छपरा डेस्क, 30 अक्टूबर 2026
121 अधिकारी-कर्मी होंगे प्रशिक्षित
छह नवंबर तक चार चरणों में चलेगा प्रशिक्षण, पहली बार पूरी तरह डिजिटल तरीके से होगी जनगणना
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
के. के. सिंह सेंगर
छपरा, (सारण)। जनगणना 2027 के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर सारण जिले में अधिकारियों एवं कर्मियों का प्रशिक्षण शुक्रवार से शुरू हो गया। शहर स्थित जिला अतिथि गृह (सर्किट हाउस) के सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी सह प्रधान जनगणना अधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने दीप प्रज्वलित कर किया।
फोटो : के.के.सिंह सेंगरइस दौरान उन्होंने जनगणना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशिक्षण गंभीरता से लेने और डिजिटल प्रणाली की बारीकियों को समझने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि अब तक की गई तैयारियां और कार्रवाई मुख्य जनगणना कार्य की भूमिका थीं। वास्तविक कार्य दूसरे चरण में जनसंख्या परिगणना के रूप में संपन्न होगा। इस दौरान लोगों की संख्या के साथ-साथ उनकी सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक स्थिति से संबंधित जानकारियां भी एकत्र की जाएंगी। उन्होंने कहा कि जनगणना देश के विकास की दिशा तय करने वाला एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है।
छाया : अमिट लेखजिले में विभिन्न योजनाओं, आयोजनों एवं अन्य गतिविधियों के बावजूद अधिकारियों और कर्मियों को प्रशिक्षण के लिए बुलाया जाना इसकी गंभीरता और महत्ता को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि इस बार भारत में पहली बार पूर्णतः डिजिटल जनगणना की जा रही है। इसके लिए विशेष पोर्टल एवं जनगणना प्रबंधन और निगरानी प्रणाली विकसित की गई है। सभी प्रतिभागियों को इन डिजिटल व्यवस्थाओं को गंभीरता से सीखने तथा प्रशिक्षण के दौरान व्यावहारिक अभ्यास करने की आवश्यकता है।
छाया : अमिट लेखजिलाधिकारी ने कहा कि बेहतर प्रशिक्षण से जनगणना का कार्य अधिक सटीक, व्यवस्थित और प्रभावी तरीके से संपन्न होगा। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई जानकारियों के मूल्यांकन के लिए प्रतिदिन परीक्षा आयोजित करने का निर्देश अपर जिला जनगणना अधिकारी सह डीआईओ तारणी कुमार को दिया। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम छह नवंबर तक चार चरणों में आयोजित होगा। इसमें कुल 121 अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल होंगे। प्रशिक्षण प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से शाम 6:15 बजे तक चलेगा। निदेशालय स्तर से प्रतिनियुक्त जिला नोडल अदिति आनंद एवं सहयोगी आयुषी सिंह मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षण दे रही हैं।
पहले चरण में 36 अधिकारियों को प्रशिक्षण :
30 और 31 अक्टूबर को आयोजित पहले चरण में 36 अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें जिला जनगणना अधिकारी सह अपर समाहर्ता मुकेश कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी निशांत किरण, अपर प्रधान जनगणना अधिकारी सह नगर आयुक्त, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अंजनी कुमार लाल, अनुमंडल पदाधिकारी नीतेश कुमार सहित जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी सह चार्ज अधिकारी तथा नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी सह चार्ज अधिकारी शामिल हैं।
दूसरे चरण में 21 कर्मी होंगे शामिल :
एक और दो नवंबर को दूसरे चरण का प्रशिक्षण होगा। इसमें 21 कर्मियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इनमें छपरा नगर निगम के सहायक चार्ज अधिकारी, जिले के सभी 20 ग्रामीण क्षेत्रों के सहायक चार्ज अधिकारी, सोनपुर नगर परिषद तथा विभिन्न नगर पंचायतों के सहायक चार्ज अधिकारी शामिल होंगे।
तीसरे चरण में 32 लिपिकों को मिलेगा प्रशिक्षण :
तीन और चार नवंबर को तीसरे चरण के तहत 32 कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें जिला स्तर के दो नियमित लिपिक, सभी प्रखंडों के एक-एक नियमित सहायक लिपिक तथा सभी नगर निकायों के एक-एक नियमित सहायक लिपिक शामिल होंगे।
अंतिम चरण में 32 तकनीकी सहायकों का प्रशिक्षण :
पांच और छह नवंबर को चौथे एवं अंतिम चरण में 32 तकनीकी सहायकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसमें जिला स्तर के दो तकनीकी सहायक, सभी प्रखंडों के एक-एक तकनीकी सहायक तथा सभी नगर निकायों के एक-एक तकनीकी सहायक शामिल होंगे। निर्देश के अनुसार, सभी तकनीकी सहायकों को प्रशिक्षण के दौरान अपना लैपटॉप साथ लाना अनिवार्य होगा।
पहले चरण में मकान सूचीकरण का कार्य हो चुका है पूरा :
गौरतलब है कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य पूरा किया जा चुका है। इसके तहत 17 अप्रैल से एक मई 2026 तक लोगों को स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। इसके बाद दो मई से 31 मई 2026 तक प्रगणकों ने घर-घर जाकर मकानों की सूची तैयार की और निर्धारित जानकारियां एकत्र कीं। अब दूसरे चरण की तैयारियों के तहत अधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि जनसंख्या परिगणना का कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।

