AMIT LEKH

Post: जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में गन्ना पेराई सत्र 2026-27 की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित

जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में गन्ना पेराई सत्र 2026-27 की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित

रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 04 नवंबर 2026

संबंधित पदाधिकारियों एवं चीनी मिल प्रबंधन को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। गन्ना पेराई सत्र 2026-27 के सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन को लेकर जिला पदाधिकारी, पश्चिम चम्पारण, तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिले की सभी चीनी मिलों के पेराई कार्य प्रारंभ होने से पूर्व की गई तैयारियों, संभावित समस्याओं एवं उनके समाधान पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में मुख्य रूप से गन्ना खरीद में घटतौली, गन्ने की अवैध खरीद (पोचिंग), यातायात व्यवस्था, प्रदूषण नियंत्रण, अवैध गुड़ क्रशरों के संचालन तथा गन्ना ढुलाई से संबंधित सड़कों की स्थिति जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की गई।

जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं चीनी मिल प्रबंधन को पेराई सत्र के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने देने तथा सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने का निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी ने गन्ना ढुलाई में लगे वाहनों द्वारा यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित कराने, ओवरलोडिंग पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित सभी गन्ना ढुलाई वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने गन्ना ढुलाई के लिए उपयोग में आने वाली सड़कों को मोटरेबल बनाने हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक अग्रेतर कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि गन्ना क्रय विभागीय दिशा-निर्देशों एवं चीनी मिल प्रबंधन द्वारा निर्गत चालान के अनुरूप ही किया जाए। गन्ना खरीद की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित होनी चाहिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। इसके अनुश्रवण एवं निरीक्षण की जिम्मेदारी सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं ईंख पदाधिकारियों को दी गई। साथ ही, बिना वैध लाइसेंस के किसी भी गुड़ क्रशर का संचालन नहीं होने देने तथा सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं ईंख पदाधिकारियों को संयुक्त रूप से जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि पेराई सत्र के दौरान चीनी मिलों के आसपास एवं गन्ना ढुलाई मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ जाता है। ऐसे में चीनी मिल प्रबंधन प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग करें। पूर्व में अपनाई गई बेहतर व्यवस्थाओं का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी चीनी मिल प्रबंधनों को यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि गन्ने की ढुलाई केवल नंबर प्लेट वाले वाहनों से ही कराई जाए। जिला पदाधिकारी ने चीनी की बिक्री निर्धारित एवं उचित दर पर सुनिश्चित करने तथा चीनी मिलों के माध्यम से संचालित सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन से संबंधित अभिलेखों एवं दस्तावेजों का समुचित संधारण करने का निर्देश दिया। वहीं, घटतौली की शिकायतों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं ईंख पदाधिकारियों को जिले में संचालित विभिन्न गन्ना तौल केंद्रों (कांटों) की गहन भौतिक जांच करने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रशासन एवं चीनी मिल प्रबंधन आपसी समन्वय और सहयोग के साथ पेराई सत्र का सफल संचालन सुनिश्चित करें। किसानों, मिल प्रबंधन एवं अन्य सभी संबंधित हितधारकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।बैठक में विभिन्न चीनी मिल प्रबंधनों द्वारा भी पेराई सत्र को सुगम एवं बेहतर तरीके से संचालित करने के लिए अपने सुझाव एवं आवश्यक बिंदु रखे गए। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, बेतिया विकास कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, बगहा श्रीमती चांदनी कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी, नरकटियागंज अभिजीत गोविन्दा, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा सुजीत कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी अमित राज, यातायात डीएसपी, बेतिया एवं बगहा, ईंख पदाधिकारी, बेतिया एवं रामनगर, कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, निरीक्षक, माप-तौल सहित जिले की सभी चीनी मिलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Recent Post