AMIT LEKH

Post: पश्चिम चंपारण में शराब तस्करों पर उत्पाद विभाग का शिकंजा, 18 गिरफ्तार

पश्चिम चंपारण में शराब तस्करों पर उत्पाद विभाग का शिकंजा, 18 गिरफ्तार

रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 05 नवम्बर 2026

570 किलो जावा गुड़ का घोल नष्ट, 180 लीटर चुलाई शराब जब्त; विदेशी शराब और ट्रैक्टर भी बरामद

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। पश्चिम चंपारण जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी पर रोक लगाने के लिए मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग ने विशेष छापेमारी अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में 4 नवंबर को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी की गई। इस दौरान ड्रोन की भी मदद ली गई। विभाग की टीम ने मझौलिया थाना क्षेत्र के लाल सरैया, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पिपरा तथा भैरोगंज थाना क्षेत्र के मदहनी नदी किनारे सहित अन्य संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान करीब 570 किलोग्राम जावा किण्वित गुड़ का घोल नष्ट किया गया, जबकि लगभग 180 लीटर अवैध चुलाई शराब को मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरवत सेना में छापेमारी के दौरान 4.140 लीटर विदेशी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया। वहीं, शिवराजपुर दियारा में छापेमारी के क्रम में एक लावारिस ट्रैक्टर से 181.440 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। शराब और ट्रैक्टर को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गोपालपुर थाना क्षेत्र में गश्ती एवं छापेमारी के दौरान अलग-अलग स्थानों से अवैध चुलाई शराब बरामद की गई। सुंदरपुर रोड के किनारे से 40 लीटर शराब मिली। वहीं, पटखौली थाना क्षेत्र के गोला घाट के पास 15 लीटर अवैध चुलाई शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। उत्पाद विभाग की टीम ने बेतिया, नरकटियागंज एवं बगहा अनुमंडल के विभिन्न इलाकों में कार्रवाई करते हुए मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा-37 के तहत कुल 18 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। विभाग के अनुसार, अवैध शराब के निर्माण एवं कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जिले में लगातार छापेमारी अभियान जारी रहेगा। सभी मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Recent Post