AMIT LEKH

Post: हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से युवक की मौत

हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से युवक की मौत

इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाने के दौरान उसने रास्ते में दम

पुलिस ने शव का सदर अस्पताल में कराया पोस्टमार्टम

संदेश थाना क्षेत्र के चेता टोला गांव में शुक्रवार की देर रात घटी घटना

✍️ अरुण कुमार ओझा, अनुमंडल ब्यूरो

– अमिट लेख

आरा/भोजपुर। भोजपुर में हर्ष फायरिंग का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बल्कि यह सिलसिला लगातार बढ़ता ही जा रहा है। आए दिन शादी, तिलक एवं अन्य पार्टी समारोह में लोग अपने हाथ में हथियार लेकर लहराते एवं हर्ष फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। इस हर्ष फायरिंग के कारण हर रोज किसी न किसी व्यक्ति की जान चली जा रही है और कई लोग जख्मी भी हो चुके हैं। लेकिन इसके बावजूद लोग अपने इस रवैया से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला जिले के संदेश थाना क्षेत्र के चेता टोला गांव में शुक्रवार की देर रात बारात में हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई। इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल आने के दौरान उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतक को गोली दाहिने साइड सीने में लगी है। घटना बाद बारातियों एवं सरातियो के बीच भगदड़ मच गई। सभी लोग इधर से उधर दौड़ कर भागने लगे। देखते ही देखते गांव एवं आसपास के इलाके में सन्नाटा पसर गया। उधर घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। वहीं घटना की सूचना मिलते ही संदेश थाना इंचार्ज अवधेश कुमार अपने दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची मामले की छानबीन में जुट गए हैं। जानकारी के अनुसार मृतक संदेश थाना क्षेत्र के क्षेत्र चेता टोला गांव निवासी बिंदेश्वरी यादव का 27 वर्षीय पुत्र दिनेश कुमार है एवं वह पेशे से मजदूर था। इधर मृतक के भाई रंजीत कुमार यादव ने बताया कि गांव में उनके पड़ोसी बिन्दा यादव की बेटी आशा देवी की बारात नारायणपुर थाना क्षेत्र के बघुई गांव से आई थी। जिसमें नाच प्रोग्राम का भी आयोजन किया गया था। शादी में इन लोगों का भी निमंत्रण आया था। गुरुवार की रात वह और उसका भाई दिनेश कुमार शादी मे शामिल होने गए थे। खाना खाने के बाद जब उसका भाई दिनेश कुमार समियाने में बैठकर नाच देख रहा था और उसी के बगल में आरोपी युवक भी नाच देख रहे थे। तभी आरोपी युवक द्वारा तबातोड़ हर्ष फायरिंग कर दी गई। जिसमें हर्ष फायरिंग के दौरान उसके भाई को गोली लग गई। जिससे वह खून से लथपथ होकर जख्मी हालत में जमीन पर गिर पड़ा। जिसके बाद परिजन द्वारा उसे आनन-फानन में इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया जा रहा था। तभी उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बावजूद इसके परिजन उसे आरा सदर अस्पताल ले आए। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके पश्चात परिजनों ने इसकी सूचना सदर अस्पताल में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारी को दी। सूचना पाकर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया। वहीं दूसरी ओर मृतक के भाई रंजीत यादव ने गांव के ही भोला यादव के भाई,मुनी,भुलावन,दीपक एवं अन्य लोगों पर बारात में नाच के दौरान समियाने में छह राउंड फायरिंग करने एवं फायरिंग के दौरान गोली लगने से उसके भाई की मौत होने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। बताया जाता है कि मृतक अपने तीन भाई व एक बहन ने बड़ा था। मृतक के परिवार में मां उर्मिला देवी,पत्नी आरती देवी व तीन पुत्री अंशिका, नेहा, निशा एवं एक पुत्र अंकित है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। घटी इस घटना के बाद मृतक की मां उर्मिला देवी पत्नी आरती देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Comments are closed.

Recent Post