



छापेमारी : विवाहिता का शव घर से ही मिला ससुराल वाले घर छोड़ कर फरार
प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है
✍️ दिवाकर पाण्डेय, जिला न्यूज़ ब्यूरो
– अमिट लेख
हरसिद्धि/मोतिहारी। भादा पंचायत के झड़वा गांव में दहेज के लिए हुई हत्या प्रकरण में, नवविवाहिता का शव उसके घर से मिला। शव के गले पर कटे का निशान था। घरवाले फरार थे। मृतका प्रभावती देवी (23 वर्ष) भादा पंचायत के झड़वा गांव निवासी गौरी सहनी के पुत्र अजित सहनी की पत्नी थी। मृतका का मायका पानापुर पंचायत के वार्ड संख्या नौ में है। उसकी मां ने थाना में आवेदन देकर ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या कर देने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया है कि बेटी की शादी दो वर्ष पूर्व हिंदू रीति रिवाज से उचित उपहार देकर की थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल के गौरी सहनी, अजित सहनी, सोना देवी, अनिल सहनी, सुदीश सहनी, प्रतिमा देवी व सुदीश सहनी की पत्नी चार पहिया वाहन की मांग करने लगे। इसकी सूचना अक्सर वह फोन पर देती रहती थी। शनिवार की सुबह सूचना मिली कि उसकी हत्या कर दी गई है। पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही एसआई अरुण कुमार ओझा, पीएसआई सीमा कुमारी व पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका का शव घर में पड़ा हुआ था। वही ससुराल वाले घर छोड़कर फरार थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका के गले पर कटे का निशान था। जिससे प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का ही लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा कि यह हत्या है या आत्महत्या। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।