छपरा से हमारे प्रमंडलीय ब्यूरो का संकलन :
12 ज्योतिर्लिंग की झांकियों ने मोहा मन, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
छपरा, (सारण)। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा शुक्रवार को शहर में भव्य दिव्य शिव बारात सह चैतन्य शोभायात्रा निकाली गई। समाज में शांति, प्रेम, नारी सशक्तिकरण व आध्यात्मिक चेतना का संदेश देने वाली यह शोभायात्रा नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख मार्गों तथा मोहल्लों से होकर गुजरी। आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग सड़कों पर उमड़ पड़े।

पूजा-अर्चना व नारियल फोड़कर हुआ शुभारंभ :
शहर स्थित ब्रह्माकुमारी आश्रम में शिव बाबा की पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर शोभायात्रा की शुरुआत की गई। शुभारंभ के मौके पर छपरा जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक राजेश प्रसाद मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा निकाली जाने वाली वार्षिक शिव बारात छपरा ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य और देश के लिए आध्यात्मिक जागृति तथा सामाजिक सौहार्द का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि ‘रात्रि’ अज्ञान, विकार, दुख और अशांति का प्रतीक है, जबकि शिवरात्रि का पर्व ज्ञान और जागृति का संदेश देता है। ऐसे समय में शिव पिता परमात्मा का अवतरण मानवता को आध्यात्मिक प्रकाश की ओर अग्रसर करता है।
12 ज्योतिर्लिंग झांकियों ने आकर्षित किया ध्यान :
शोभायात्रा में प्रस्तुत 12 ज्योतिर्लिंग की आकर्षक झांकियां, शिवलिंग, भारत माता, लक्ष्मी-नारायण और अन्य सांस्कृतिक-आध्यात्मिक दृश्यों ने लोगों को भाव-विभोर कर दिया। भक्ति गीतों और ओम शांति के उद्घोष से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा।
आध्यात्मिक जागृति और नशामुक्त समाज का संदेश :
ब्रह्मा कुमारी अनामिका दीदी ने बताया कि इस शोभायात्रा का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना जगाना, सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना, नशामुक्त समाज का निर्माण करना और विश्व शांति का संदेश प्रसारित करना है। उन्होंने बताया कि 90वीं शिव जयंती के उपलक्ष्य में परम पिता परमात्मा शिव पवित्र सनातन धर्म की स्थापना के लिए अवतरित होते हैं—इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाना ही शोभायात्रा का मूल उद्देश्य है।
मानवता को जोड़ने वाला पर्व महाशिवरात्रि : बीके अरविंद भाई
बीके अरविंद भाई ने कहा कि महाशिवरात्रि केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि आत्मिक जागृति और मानवता को एक सूत्र में बांधने का प्रतीक भी है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मकता, प्रेम और सद्भावना का संचार करते हैं।
सैकड़ों श्रद्धालुओं ने लिया हिस्सा :
इस आयोजन में ब्रह्माकुमारी संस्थान की बहनों, बीके भाई–बहनों तथा स्थानीय श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक भाग लिया। शुभारंभ समारोह में ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की स्थानीय संचालिका बीके अनामिका दीदी, स्टेशन अधीक्षक राजेश प्रसाद, सहायक स्टेशन मास्टर सतीश सिंह, बीके अरविंद भाई सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।








