छपरा से हमारे उप-संपादक का संकलन :
विश्व स्वास्थ्य दिवस : एड्स जागरूकता विषयक बी. डी. कॉलेज में विविध प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
छपरा/पटना, (संवाददाता)। विश्व स्वास्थ्य दिवस 2026 के अवसर पर – सभी के स्वास्थ्य के लिए साथ आएं, विज्ञान का साथ दें, थीम के तहत बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति एवं बी.डी. कॉलेज, पटना के संयुक्त तत्वावधान में एड्स जागरूकता को लेकर विभिन्न रचनात्मक एवं प्रभावशाली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं के बीच एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता फैलाना और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाना था। कार्यक्रम के अंतर्गत मंच नाटक, तात्कालिक भाषण तथा प्रदर्शनी जैसे आयोजन किए गए, जिनमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

मंच नाटक के माध्यम से सामाजिक संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया, वहीं तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपने विचारों को सशक्त रूप से अभिव्यक्त किया। इस दौरान प्रदर्शनी में कला के जरिए एड्स से बचाव और जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ परियोजना निदेशक सुमित कुमार एवं बी.डी. कॉलेज की प्राचार्या प्रो. रत्ना अमृत की उपस्थिति में किया गया। इस दौरान बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के युवा निर्देशक आलोक कुमार व बबन कुंवर सेवा समिति के सचिव अमित कुमार सिंह भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में युवाओं की ऊर्जा, रचनात्मकता और सक्रिय सहभागिता देखने को मिली, जिसने यह संदेश दिया कि जागरूकता ही बचाव है। इस अवसर पर बबन कुंवर सेवा समिति द्वारा प्रतिभागियों एवं उपस्थित लोगों के बीच नारियल पानी का वितरण भी किया गया। इस आयोजन ने यह स्पष्ट किया कि सामूहिक प्रयास और वैज्ञानिक सोच के माध्यम से ही एचआईवी/एड्स जैसी गंभीर बीमारी के प्रति समाज को जागरूक कर एक स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाया जा सकता है।








