बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
एसपी ने आगे बताया कि मृतक रविवार को अपने पांच दोस्तों के साथ घर से निकला था, साथ गये उन सभी लोगों की भूमिका संदिग्ध प्रतीत हो रही है
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। बगहा पुलिस जिला के नौरंगिया थाना क्षेत्र अंतर्गत हरदिया-चांती जंगल में गुरुवार 9 अप्रैल को एक सिर कटी शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान 45 वर्षीय मुरारी यादव के रूप में हुई है, जो सिरिसिया जरलहिया गांव का निवासी बताया जाता है और वह रविवार से लापता था। बगहा के प्रभारी एसपी कुमारी निर्मला ने बताया कि गुरुवार सुबह पुलिस को जंगल के पास एक कटा हुआ सिर मिलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। जांच के दौरान सिर मिलने की जगह से कुछ दूरी पर खून के निशान पाए गए। एसपी ने बताया, “जब इलाके में और तलाश की गई तो जंगल के अंदर ताज़ा भरी हुई मिट्टी का एक हिस्सा दिखाई दिया, जिसके ऊपर मक्खियां मंडरा रही थीं।

इससे शक हुआ कि धड़ को वहीं दफनाया गया है।” इस संदेह के आधार पर पुलिस ने तुरंत एफएसएल टीम को बुलाया। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में खुदाई कराई गई, जिससे शव का धड़ बरामद हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया है। एसपी ने आगे बताया कि मृतक रविवार को अपने पांच दोस्तों के साथ घर से निकले था। उन सभी लोगों की भूमिका संदिग्ध प्रतीत हो रही है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।मृतक के बेटे लल्लू यादव ने शव की पहचान करते हुए बताया कि उनके पिता ने घर वालों से कहा था कि वे अपने दोस्तों के साथ नेपाल जा रहे हैं। बाकी लोग तो वापस आ गए, लेकिन पिता नहीं लौटे। हमें लगा कि वे अभी नेपाल में ही हैं। गुरुवार सुबह शव मिलने की जानकारी मिली। उसने आरोप लगाया कि हमें शक है कि उनके दोस्तों ने ही मेरे पिता की हत्या की है।”








