बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
विधानसभा क्षेत्र में दर्जनों कार्यक्रमों में शामिल होकर दी श्रद्धांजलि
समानता, शिक्षा एवं सामाजिक न्याय का संदेश आज भी प्रासंगिक
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। भारत रत्न, संविधान निर्माता एवं सामाजिक न्याय के महान पुरोधा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर चनपटिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न पंचायतों एवं गांवों में आयोजित दर्जनों कार्यक्रमों में माननीय विधायक अभिषेक रंजन शामिल हुए तथा बाबा साहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर बरोहिया, छरदौवारी, मिश्रौली, बाड़ीपट्टी, हरपुर सहित कई स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी जगह श्रद्धा, सम्मान एवं सामाजिक समरसता का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए विधायक अभिषेक रंजन ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, समानता और न्याय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को अधिकार दिलाने का जो कार्य किया, वह सदैव प्रेरणादायक रहेगा।

उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम सभी उनके विचारों—शिक्षा, संगठन और संघर्ष—को अपने जीवन में अपनाएं तथा समाज में व्याप्त भेदभाव और असमानता को समाप्त करने के लिए मिलकर प्रयास करें। विधायक श्री रंजन ने सभी लोगों से सामाजिक समरसता, समानता एवं संविधान के मूल्यों को अपनाकर एक सशक्त और समृद्ध समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की। इस अवसर पर विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।








