बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
घटना को लेकर परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। पश्चिम चंपारण जिले के गौनाहा प्रखंड अंतर्गत संदिग्ध हालात में महिला सिपाही की मौत की खबर आई है। महिला के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। मिली जानकारी के अनुसार पश्चिम चंपारण के गौनाहा प्रखंड अंतर्गत सहोदरा थाना क्षेत्र के सुपौली गांव में एक महिला सिपाही की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान पटना जिला बल में तैनात संकेशी कुमारी के रूप में हुई है। घटना को लेकर परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका के बड़े भाई दिनेश कुमार ने बताया कि संकेशी कुमारी ने 7 मार्च 2025 को परिवार की सहमति से प्रेम विवाह किया था और शादी के बाद ससुराल में रह रही थीं। 21 अप्रैल 2026 को वह अपनी छोटी बहन की शादी में शामिल होने मायके आई थीं। शादी के अगले दिन सुबह करीब 7 बजे उसका पति गाली-गलौज करते हुए उसे अपने साथ वापस ले गया। उसी दिन शाम करीब 7 बजे आत्महत्या की सूचना मिली, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का आरोप है कि जब वे सुपौली स्थित ससुराल पहुंचे तो शव जमीन पर पड़ा था और गला दबाने के निशान दिखाई दे रहे थे, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। परिवार के अनुसार, संकेशी चार माह की गर्भवती थीं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति सुजीत कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले की जांच जारी है।








