छपरा से हमारे उप-संपादक का संकलन :
गुंडा परेड में 42 आरोपियों ने थाने में लगाई हाजिरी, गैर-हाजिरों पर कार्रवाई के निर्देश
एसएसपी ने चौकीदारों को सौंपी निगरानी की जिम्मेदारी, थाने का किया औचक निरीक्षण
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
छपरा, (सारण)। जिले के एकमा थाना परिसर में रविवार को सारण के एसएसपी विनीत कुमार के नेतृत्व में गुंडा परेड का आयोजन किया गया।

इस दौरान कुल 42 आरोपियों ने थाने में उपस्थित होकर हाजिरी लगाई। अभियान का उद्देश्य दागी अपराधियों एवं शराब तस्करों में कानून का भय स्थापित करना था। परेड के दौरान सभी आरोपियों से उनके पूर्व आपराधिक गतिविधियों की जानकारी ली गई।

साथ ही संबंधित क्षेत्रों के चौकीदारों को निर्देश दिया गया कि वे आरोपियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखें। पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों से गहन पूछताछ भी की। इस दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पूर्व में नासमझी में अपराध एवं अवैध गतिविधियों से जुड़े थे, लेकिन अब ऐसे कार्यों से दूर रहने की बात कही। एसएसपी ने थाना अध्यक्ष को निर्देश दिया कि उपस्थित आरोपियों पर कड़ी नजर रखी जाए और जो आरोपी हाजिर नहीं हुए हैं, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिहार तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है और अवैध तरीके से संपत्ति अर्जित करने वालों पर कठोर कार्रवाई करते हुए उनकी संपत्ति भी जब्त की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले की जनता को सुरक्षित और भरोसेमंद वातावरण देना पुलिस की प्राथमिकता है। अपराधी चाहे कितना भी सक्रिय क्यों न हो, पुलिस उसे किसी भी हाल में बख्शेगी नहीं। कार्यक्रम के बाद एसएसपी ने थाने का औचक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान गुंडा पंजी, अपराधी रजिस्टर, मालखाना और महिला हेल्प डेस्क की स्थिति की समीक्षा की गई तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। इस मौके पर एसडीपीओ राजकुमार, पुलिस इंस्पेक्टर किरण शंकर, एकमा थानाध्यक्ष रामबालक यादव सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।








