AMIT LEKH

Post: अगले 3 दिन संभलकर रहें! 20+ जिलों में बिजली और तूफान का खतरा, IMD ने दी सलाह

अगले 3 दिन संभलकर रहें! 20+ जिलों में बिजली और तूफान का खतरा, IMD ने दी सलाह

रिपोर्ट : विशेष ब्यूरो, पटना

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD पटना) ने 11 से 13 अगस्त तक राज्य के 20 से भी अधिक जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

पटना, (दिवाकर पाण्डेय)। बिहार में अगले 72 घंटों के दौरान मौसम का पैटर्न तेजी से बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD पटना) ने 11 से 13 अगस्त तक राज्य के 20 से भी अधिक जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने की प्रबल आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने किसानों और आम नागरिकों को खराब मौसम के समय खुले स्थानों में न जाने और विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार 11 अगस्त को अलर्ट का मुख्य प्रभाव राज्य के दो हिस्सों में देखने को मिलेगा। सीमांचल व पूर्वी बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में वज्रपात और तेज हवाओं का अनुमान है। वहीं दक्षिण-पश्चिमी जिलों जैसे बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल में भी मेघ गर्जन की चेतावनी दी गई है। हालांकि, इस दौरान पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और भागलपुर समेत मध्य व उत्तरी बिहार के अधिकांश हिस्सों में मौसम आमतौर पर साफ बना रहेगा। 12 अगस्त को मौसम का मिजाज मुख्य रूप से उत्तर बिहार में बिगड़ता हुआ नजर आएगा। IMD पटना ने पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, गोपालगंज, सीवान, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सारण, वैशाली, समस्तीपुर सहित पूरे उत्तर बिहार और सीमांचल के जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया है। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की आशंका बनी रहेगी। वहीं दूसरी ओर पटना, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, गया, नवादा और औरंगाबाद जैसे जिले ग्रीन जोन में रहेंगे, जहां मौसम सामान्य रहने की संभावना है। मौसम के इस बदलाव के आखिरी चरण में 13 अगस्त को उत्तर बिहार के साथ-साथ पूर्वी बिहार के मुंगेर, खगड़िया, भागलपुर, बांका और जमुई जिलों में येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। विशेषकर किशनगंज और कटिहार के आसपास के इलाकों में वज्रपात और तेज अंधड़ के साथ भारी बारिश के संकेत दिए गए हैं। इस दौरान पटना, नालंदा, गया, औरंगाबाद और रोहतास ग्रीन जोन में ही रहेंगे, जबकि उत्तर और पूर्वी बिहार के इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

Leave a Reply

Recent Post