AMIT LEKH

Post: संत बनकर घर में घुसे तीन ठग, जेवर दोगुना करने का झांसा देकर 2 लाख के गहने ले उड़े

संत बनकर घर में घुसे तीन ठग, जेवर दोगुना करने का झांसा देकर 2 लाख के गहने ले उड़े

रिपोर्ट : विशेष ब्यूरो, पटना

तीन अज्ञात युवक संत का वेश धारण कर एक घर में पहुंचे और सोना-चांदी के जेवर दोगुना करने का झांसा देकर करीब दो लाख रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गए

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

पटना, (दिवाकर पाण्डेय)। शिवहर जिला के तरियानी थाना क्षेत्र के बैजनाथपुर गांव के वार्ड नंबर-12 में ठगी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। तीन अज्ञात युवक संत का वेश धारण कर एक घर में पहुंचे और सोना-चांदी के जेवर दोगुना करने का झांसा देकर करीब दो लाख रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित कलवेंद्र कुमार, ने बताया कि तीन युवक अपाची बाइक से तरियानी की ओर से गांव पहुंचे थे। युवकों ने खुद को मंदिर का संत बताया और परिवार को विश्वास दिलाया कि उन्हें तंत्र-मंत्र की विशेष जानकारी है। उन्होंने दावा किया कि एक विशेष विधि के जरिए घर में रखे सोने-चांदी के आभूषणों को दोगुना किया जा सकता है। युवकों की बातों में आकर परिवार ने घर में रखे जेवर उन्हें सौंप दिए। आरोपियों ने नथिया, टीका, चेन, मंगलसूत्र, ढोलना, पायल और दो हनुमानी समेत अन्य आभूषण निकलवा लिए। इसके बाद उन्होंने मंत्र पढ़ने और पानी पर कथित क्रिया करने का नाटक शुरू कर दिया। इसी दौरान आरोपियों ने परिवार को अपनी बातों में उलझाकर जेवर समेट लिए और मौका मिलते ही बाइक से फरार हो गए। कुछ देर बाद जब परिवार को जेवर गायब होने का एहसास हुआ तो घर में शोर मच गया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पीड़ित परिवार के अनुसार ठगों द्वारा ले जाए गए जेवरात की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये है। घटना की सूचना तरियानी थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोना-चांदी दोगुना करने अथवा किसी भी तरह का चमत्कार करने का दावा करने वाले अज्ञात लोगों के झांसे में न आएं। संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

Leave a Reply

Recent Post