रिपोर्ट : बगहा डेस्क
अधिकारीगण एवं जवानों को भारतीय मुद्रा की वास्तविक पहचान, सुरक्षा फीचर्स जैसे – वाटरमार्क तथा नकली नोटों की पहचान करने के आधुनिक तरीकों के बारे में विस्तृत एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बगहा, (जगमोहन काजी)। एसएसबी 21वीं वाहिनी कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत द्वारा देश में नकली नोटों के मामलों का संज्ञान लेते हुए, दिनांक 21.09.2026 को वाहिनी मुख्यालय बगहा में अधिकारियों एवं जवानों के लिए नकली भारतीय मुद्रा नोट के संबंध में एक विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। उक्त कार्यशाला में भारतीय स्टेट बैंक, शाखा बगहा-2 के भी सहभागिता से की गई, जिसमें ओम प्रकाश गुप्ता, सहायक प्रबंधक एवं प्रियांक कुमार, जूनियर एसोसिएट, एसबीआई बगहा-2 शामिल हुए। अधिकारीगण एवं जवानों को भारतीय मुद्रा की वास्तविक पहचान, सुरक्षा फीचर्स जैसे – वाटरमार्क तथा नकली नोटों की पहचान करने के आधुनिक तरीकों के बारे में विस्तृत एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। उन्हें भारत-नेपाल खुली सीमा पर तस्करी के दौरान नकली भारतीय मुद्रा नोट के प्रयोग एवं ड्यूटी के दौरान संदिग्ध मुद्रा मिलने पर बरती जाने वाली सावधानियों एवं कानूनी प्रक्रिया के बारे में भी प्रशिक्षित कराया गया। इस अवसर पर कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत ने अपने संबोधन में कहा कि “भारत-नेपाल सीमा खुली होने के कारण नकली करेंसी का खतरा हमेशा बना रहता है। राष्ट्र-विरोधी तत्व इसका उपयोग देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुँचाने के लिए करते हैं। सीमा के प्रहरी के रूप में एसएसबी के प्रत्येक जवान को असली और नकली नोट की पहचान में निपुण होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि सीमा पर होने वाले आर्थिक अपराधों पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाया जा सके।” उन्होंने एसबीआई के सहयोग की सराहना व आभार व्यक्त किया ।








