रिपोर्ट : छपरा डेस्क, 15 अक्टूबर 2026
राजेंद्र कॉलेज के प्रियांशु पांडेय व एचआर कॉलेज, अमनौर की भूमिका कुमारी आगरा में 21 से 30 नवंबर तक होने वाले राष्ट्रीय शिविर में लेंगे भाग
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
छपरा, (सारण)। जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्रकोष्ठ के दो स्वयंसेवकों का चयन भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से आयोजित प्रतिष्ठित पूर्व गणतंत्र दिवस परेड शिविर-2026 के लिए किया गया है।

चयनित स्वयंसेवकों में राजेंद्र कॉलेज, छपरा के प्रियांशु कुमार पांडेय और एचआर कॉलेज, अमनौर की भूमिका कुमारी शामिल हैं। दोनों के चयन से विश्वविद्यालय और संबंधित महाविद्यालयों में खुशी का माहौल है। राज्य स्तरीय चयन समिति की अनुशंसा के आधार पर क्षेत्रीय निदेशालय, पटना की ओर से जारी पत्र के अनुसार दोनों स्वयंसेवकों का चयन किया गया है। 10 दिवसीय यह राष्ट्रीय शिविर 21 से 30 नवंबर 2026 तक उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में क्षेत्रीय निदेशालय, लखनऊ की देखरेख में आयोजित होगा। शिविर में बिहार राज्य के दल का नेतृत्व दलनायक के रूप में गया कॉलेज, गया के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार मिश्रा करेंगे।
कुलपति ने दी बधाई :
दोनों स्वयंसेवकों के चयन पर जयप्रकाश विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ परमेंद्र कुमार बाजपेई ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित परेड शिविर के लिए विश्वविद्यालय के स्वयंसेवकों का चयन पूरे संस्थान और क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। यह उपलब्धि विद्यार्थियों के अनुशासन, परिश्रम और समाज सेवा के प्रति समर्पण को दर्शाती है। कुलपति ने विश्वास जताया कि दोनों प्रतिभागी आगरा शिविर में परेड, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और बौद्धिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय के साथ बिहार का नाम रोशन करेंगे।
महाविद्यालयों में भी खुशी :
राजेंद्र कॉलेज, छपरा और एचआर कॉलेज, अमनौर के प्राचार्यों ने भी चयनित स्वयंसेवकों को बधाई दी। उन्होंने इसे महाविद्यालय परिवार के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे अन्य छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़कर राष्ट्र निर्माण और व्यक्तित्व विकास के लिए प्रेरणा मिलेगी।
कठिन चयन प्रक्रिया के बाद मिली सफलता :
एनएसएस के विश्वविद्यालय कार्यक्रम समन्वयक प्रो. हरिश्चंद ने दोनों स्वयंसेवकों, उनके कार्यक्रम पदाधिकारियों और प्राचार्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कठिन चयन प्रक्रिया से गुजरने के बाद दोनों स्वयंसेवकों ने यह उपलब्धि हासिल की है, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान स्वयंसेवक दैनिक परेड के साथ सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों में भी भाग लेंगे। इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश, प्रपत्र और अन्य सामग्रियां समय पर तैयार रखने को कहा गया है। उन्होंने दोनों स्वयंसेवकों की शिविर में सफल एवं उत्कृष्ट सहभागिता की कामना की।







