रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 19 नवम्बर 2026
जिला पदाधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया कार्यक्रम का शुभारंभ
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर आज समाहरणालय सभागार, पश्चिम चम्पारण, बेतिया में जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय के तत्वावधान में परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष परिचर्चा का विषय “Journalism : Populist or Responsible” (पत्रकारिता : लोकलुभावन या जिम्मेदार) निर्धारित था। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह एवं उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पत्रकारिता केवल सूचनाओं के प्रसारण का माध्यम नहीं, बल्कि जनमत निर्माण, जनहित के मुद्दों को सामने लाने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का सशक्त माध्यम भी है। वर्तमान समय में पत्रकारिता के समक्ष निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जिम्मेदारी बनाए रखने की बड़ी चुनौती है। ऐसे में तथ्यों की पुष्टि, संतुलित दृष्टिकोण और जनहित को सर्वोपरि रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मीडिया एवं प्रशासन को आपसी समन्वय और सकारात्मक संवाद के साथ जिले के विकास के लिए निरंतर कार्य करना चाहिए। दोनों की प्राथमिकता जनता की बेहतरी और जनहित होना चाहिए। प्रशासन एवं मीडिया मिलकर जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से सामने लाने तथा उनके समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। परिचर्चा के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने विषय के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने जिम्मेदार पत्रकारिता, निष्पक्ष समाचार संकलन, तथ्यपरक रिपोर्टिंग, सामाजिक सरोकारों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण पर बल दिया। साथ ही बदलते मीडिया परिदृश्य में पत्रकारिता की विश्वसनीयता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व बनाए रखने की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, वरीय उप समाहर्ता-सह-जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी श्रीमती रोचना माद्री, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (एनईपी) पुरुषोत्तम त्रिवेदी सहित अन्य पदाधिकारी एवं जिले के तमाम मीडिया प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

