AMIT LEKH

Post: खेल भवन में राज्यस्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय सेपकटाकरा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

खेल भवन में राज्यस्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय सेपकटाकरा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 19 नवम्बर 2026

छह प्रमंडलों के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

जिलाधिकारी ने किया उद्घाटन, खिलाड़ियों को खेल भावना एवं अनुशासन के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए किया प्रेरित

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन, पश्चिम चंपारण के संयुक्त तत्वावधान में वार्षिक खेल कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित राज्यस्तरीय अंतर प्रमंडल दो दिवसीय विद्यालय सेपकटाकरा खेल प्रतियोगिता-2026 का गुरुवार को खेल भवन-सह-व्यायामशाला भवन परिसर में भव्य शुभारंभ हुआ। 19 एवं 20 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला पदाधिकारी तरणजोत सिंह ने विशेष कार्य पदाधिकारी, गोपनीय शाखा सुजीत कुमार, एनईपी निदेशक पुरुषोत्तम त्रिवेदी एवं प्रभारी खेल पदाधिकारी राकेश कुमार के साथ संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन समारोह की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। राज्य संपोषित कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने आकर्षक स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। वहीं राज्य इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने संगीत शिक्षिका सुश्री खुशबू मिश्रा एवं सुश्री लिसा चंद्रा के निर्देशन में मनमोहक समूह नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह में उत्साह और उमंग का वातावरण बना दिया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री तरणजोत सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का अभिन्न अंग है। खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ बनाता है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने का जज्बा भी विकसित करता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर आयोजित ऐसी राज्यस्तरीय प्रतियोगिताएं ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से पूरे उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया। प्रभारी खेल पदाधिकारी राकेश कुमार ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। इसमें पटना, तिरहुत, सारण, पूर्णिया, मुंगेर एवं मगध प्रमंडलों के खिलाड़ियों की सहभागिता निर्धारित है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों के लिए भोजन एवं आवासन की समुचित व्यवस्था खेल भवन-सह-व्यायामशाला भवन परिसर में की गई है। प्रतियोगिता के निष्पक्ष एवं सुचारु संचालन के लिए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना द्वारा छह तकनीकी पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो निर्धारित खेल नियमों के अनुरूप प्रतियोगिताओं का संचालन सुनिश्चित करेंगे। उल्लेखनीय है कि सेपकटाकरा एक रोमांचक एवं कौशल आधारित खेल है, जिसमें खिलाड़ी हाथों का उपयोग किए बिना पैर, घुटने, सिर एवं शरीर के अन्य अनुमत अंगों की सहायता से गेंद को नेट के ऊपर से विपक्षी टीम के पाले में पहुंचाते हैं। इस खेल में शारीरिक फुर्ती, लचीलापन, संतुलन, आपसी तालमेल एवं त्वरित निर्णय लेने की क्षमता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इस प्रतियोगिता के आयोजन से विद्यालयी विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने, विभिन्न प्रमंडलों के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा एवं अनुभव साझा करने तथा राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिल रहा है। प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ ही खेल भवन परिसर में खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला।

Leave a Reply

Recent Post