AMIT LEKH

Post: राज्यस्तरीय सेपकटाकरा प्रतियोगिता में पटना का जलवा, दो आयु वर्गों में चैंपियन बनने का गौरव

राज्यस्तरीय सेपकटाकरा प्रतियोगिता में पटना का जलवा, दो आयु वर्गों में चैंपियन बनने का गौरव

रिपोर्ट : बेतिया डेस्क,  20 नवम्बर 2026

अंडर-14 और अंडर-19 का खिताब पटना के नाम, अंडर-17 में पूर्णिया ने मारी बाजी

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। राज्यस्तरीय अंतर-प्रमंडल विद्यालय सेपकटाकरा प्रतियोगिता-2026 का शुक्रवार को खेल भवन-सह-व्यायामशाला भवन परिसर, पश्चिम चंपारण में भव्य समापन हुआ। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में पटना प्रमंडल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो आयु वर्गों में विजेता बनने का गौरव हासिल किया। वहीं, पूर्णिया प्रमंडल ने अंडर-17 वर्ग का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में अंडर-14 वर्ग में पटना प्रमंडल ने सारण प्रमंडल को 2-0 से पराजित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सारण उपविजेता और मुंगेर प्रमंडल तीसरे स्थान पर रहा। अंडर-17 वर्ग में पूर्णिया प्रमंडल ने रोमांचक मुकाबले में पटना को 2-1 से हराकर विजेता का खिताब हासिल किया। इस वर्ग में पटना उपविजेता तथा तिरहुत प्रमंडल तीसरे स्थान पर रहा। इसी प्रकार, अंडर-19 वर्ग के फाइनल में पटना प्रमंडल ने तिरहुत प्रमंडल को 2-0 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। तिरहुत उपविजेता और मगध प्रमंडल तीसरे स्थान पर रहा। समापन समारोह में खेल पदाधिकारी राकेश कुमार एवं निदेशक (NEP) पुरुषोत्तम त्रिवेदी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, समर्पण और टीम भावना की सराहना करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक दक्षता विकसित करता है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और सामूहिक सहयोग की भावना को भी मजबूत बनाता है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास करते हुए भविष्य की प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना तथा जिला प्रशासन, पश्चिम चंपारण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में पटना, तिरहुत, सारण, पूर्णिया, मुंगेर एवं मगध प्रमंडलों की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का संचालन बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना द्वारा प्रतिनियुक्त छह तकनीकी पदाधिकारियों की देखरेख में निर्धारित खेल नियमों के अनुरूप किया गया। प्रतिभागी खिलाड़ियों के लिए खेल भवन-सह-व्यायामशाला भवन परिसर में भोजन एवं आवासन की समुचित व्यवस्था की गई थी। उल्लेखनीय है कि सेपकटाकरा कौशल, फुर्ती, संतुलन एवं शारीरिक समन्वय का अनूठा खेल है। इसमें खिलाड़ी हाथों का उपयोग किए बिना पैर, घुटने एवं सिर सहित शरीर के अनुमत अंगों से गेंद को नेट के पार पहुंचाते हैं। इस खेल में व्यक्तिगत दक्षता के साथ-साथ टीम के सदस्यों के बीच बेहतर तालमेल और सामूहिक प्रयास की अहम भूमिका होती है। तीनों आयु वर्गों के रोमांचक मुकाबलों और खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के साथ दो दिवसीय राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

Leave a Reply

Recent Post