AMIT LEKH

Post: खेल सुविधाओं के साथ समतल और सुरक्षित बनेगा ऐतिहासिक बड़ा रमना मैदान

खेल सुविधाओं के साथ समतल और सुरक्षित बनेगा ऐतिहासिक बड़ा रमना मैदान

रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 20 नवम्बर 2026

2.26 करोड़ की लागत से खेल सुविधाओं के साथ समतल और सुरक्षित बनेगा ऐतिहासिक बड़ा रमना मैदान, कार्यादेश जारी : गरिमा

जिला मुख्यालय के इस धरोहर को सुरक्षित बनाने की जारी खेल प्रेमियों की मुहिम के अनुरूप महापौर की पहल से सफल हुआ अभियान

नगर निगम के ऐतिहासिक धरोहर को विविध खेल सुविधाओं के अनुरूप सुरक्षित बनाने और सुविधाओं का विस्तार के साथ होगा सौंदर्यीकरण

पूरे मैदान की सफाई और समतलीकरण के बाद खाली जगह पर लगाई जायेंगी उम्दा प्रजाति की मुलायम घास

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि नगर के ऐतिहासिक धरोहर बड़ा रमना मैदान को 2.26 करोड़ की लागत से खेल सुविधाओं का विस्तार के साथ समतल और सुरक्षित बनाए जाने का कार्यादेश नगर निगम द्वारा जारी कर दिया गया है। महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि वर्षों से बदहाल इस ऐतिहासिक धरोहर को सुरक्षित बनाने के साथ समतलीकरण कर के खाली जगह पर मुलायम और नर्म घास बिछाने और अन्यान्य सुविधाओं का विस्तार के साथ इसको एक ऐतिहासिक धरोहर के रूप में संरक्षित किया जाएगा। महापौर ने बताया कि पारित उनकी इस महत्वाकांक्षी योजना को नगर विकास एवम आवास विभाग से स्वीकृति के बाद इसका कार्यादेश जारी कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि बड़ा रमना मैदान को सुरक्षित और पर्यावरण संरक्षा के अनुकूल सुविधाजनक बनाने की जारी खेल प्रेमियों की मुहिम को जरूरी और सही करार देते हुए खेल प्रेमियों का समर्थन किया। महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि केवल नगर निगम क्षेत्र ही नहीं पूरे जिला के अनेक प्रतिनिधि खेल प्रेमियों के द्वारा अनेक अवसरों पर इस धरोहर सुरक्षित बनाने और इसका जीर्णोद्धार के साथ सौंदर्यीकरण की मांग उनसे की थी। इसको लेकर दशकों से बदहाल और उपेक्षित बड़ा रमना मैदान जैसे जिला स्तरीय ऐतिहासिक धरोहर का स्वरूप आकर्षक रूप में बदलने की उनकी योजना को विभागीय स्वीकृति के अनुसार विहित निविदा प्रक्रिया पूरी करते हुए अब कार्यादेश भी जारी कर दिया गया है। महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि इस योजना के पूरी होने के बाद इसकी सुरक्षा- निगरानी तीसरी आंख अर्थात सीसीटीवी के माध्यम से करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। विभाग से प्रशासनिक स्वीकृत डीपीआर के आधार पर महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि रमना मैदान की साफ सफाई और समतलीकरण के बाद चहारदीवारी के पास पेड़ और खाली जगह पर आधुनिक घास लगाई जायेंगी। इसके साथ ही पूरे मैदान के किनारे चहारदीवारी से सटे मॉर्निंग/इवनिंग वॉक के लिए पाथवे, आराम बैंचों के साथ पर्याप्त लाइटों के अलावा तीन योग कुटीर, दो गार्ड रूम, महिला पुरुष और गार्ड के लिए अलग अलग शौचालय, बोरवेल का निर्माण कराया जाएगा। महापौर ने बताया कि इसके साथ ही प्रवेश द्वारों का जीर्णोद्धार के साथ इस ऐतिहासिक धरोहर का पांच साल के रखरखाव की व्यवस्था पर भी योजना के डीपीआर में शामिल की गई है। महापौर ने बताया कि कार्यादेश जारी किए जाने की तिथि से 9 माह में इस योजना को पूरा करना सुनिश्चित करने का आदेश जारी किया गया है।

Leave a Reply

Recent Post