रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 12 नवम्बर 2026
जिला प्रशासन की टीम ने 3-1 से दर्ज की शानदार जीत
पुलिस लाइन में खेल भावना और उत्साह के बीच हुआ फैंसी फुटबॉल मैच
जिला प्रशासन की टीम ने अपने नाम की ट्रॉफी
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। पश्चिम चम्पारण जिले के 54वें स्थापना दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन, बेतिया में जिला प्रशासन एवं मीडिया प्रतिनिधियों के बीच रोमांचक फैंसी फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया। मुकाबले का शुभारंभ जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने फुटबॉल को किक मारकर किया। मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ अपना दमखम दिखाया। मैदान में खिलाड़ियों के बीच शानदार तालमेल और रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। वहीं, दर्शकों में भी मैच को लेकर खासा उत्साह रहा और उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। रोमांचक मुकाबले में जिला प्रशासन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मीडिया की टीम को 3-1 से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। जिला प्रशासन की ओर से पहला गोल एनईपी श्री पुरुषोत्तम त्रिवेदी ने दागा। इसके बाद भी प्रशासन की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन जारी रखते हुए जीत सुनिश्चित की। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि आपसी समन्वय, टीम भावना और सौहार्द को भी मजबूत करते हैं। स्थापना दिवस के अवसर पर इस तरह के आयोजन आपसी मेल-जोल और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देते हैं। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, वरीय उप समाहर्ता-सह-जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी श्रीमती रोचना माद्री, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा सुजीत कुमार, जिला खेल पदाधिकारी राकेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

