AMIT LEKH

Post: पश्चिम चम्पारण जिले के 54वें स्थापना दिवस पर निकाली गई भव्य प्रभातफेरी

पश्चिम चम्पारण जिले के 54वें स्थापना दिवस पर निकाली गई भव्य प्रभातफेरी

रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 12 नवम्बर 2026

विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा

जिले की गौरवशाली विरासत एवं विकास के प्रति जागरूकता का दिया संदेश

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। पश्चिम चम्पारण जिले के 54वें स्थापना दिवस के अवसर पर आज जिला मुख्यालय में भव्य प्रभातफेरी निकाली गई। प्रभातफेरी का शुभारंभ समाहरणालय परिसर से हुआ। यह मुहर्रम चौक, शिक्षा विभाग कार्यालय एवं प्रखंड कार्यालय, बेतिया होते हुए विपिन उच्च विद्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। प्रभातफेरी में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में जागरूकता संदेश लिए बच्चों की सहभागिता ने स्थापना दिवस के उत्सव को विशेष बना दिया। प्रभातफेरी के माध्यम से जिले की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं गौरवशाली विरासत के प्रति सम्मान तथा विकास, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन ने कहा कि जिले का स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि अपनी ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं को स्मरण करने के साथ-साथ विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करने का संकल्प लेने का भी दिन है। उन्होंने कहा कि युवाओं एवं विद्यार्थियों की इसमें सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। बच्चे ही जिले और देश के उज्ज्वल भविष्य के आधार हैं। सभी को अपने जिले की पहचान और गौरव को आगे बढ़ाने में योगदान देना चाहिए। इस अवसर पर जिला योजना पदाधिकारी प्रदीप कुमार गोंड, जिला खेल पदाधिकारी राकेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Recent Post