रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 12 नवम्बर 2026
इस क्रम में विशेष अभियान दिवस दिनांक 21 एवं 22 नवम्बर तथा 05 एवं 06 दिसम्बर, 2026 को BLA के माध्यम से सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गई
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर फोटो निर्वाचक सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण–2027 (SSR-2027) के सफल एवं सुचारू संचालन को लेकर आज दिनांक 12 नवम्बर, 2026 को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी, पश्चिम चम्पारण, बेतिया की अध्यक्षता में जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिला अध्यक्षों/सचिवों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी ने बताया कि पुनरीक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य निर्वाचक सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना तथा यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक निर्वाचक सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में सम्मिलित न हो। इस अवसर पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण–2027 की निर्धारित समय-सारणी की जानकारी देते हुए बताया गया कि प्रारूप निर्वाचक सूची का प्रकाशन 12 नवम्बर, 2026 को किया गया है। दावा एवं आपत्ति दाखिल करने की अवधि 12 नवम्बर से 11 दिसम्बर, 2026 तक निर्धारित है। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निष्पादन 28 दिसम्बर, 2026 तक तथा निर्वाचक सूची का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी, 2027 को किया जाएगा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा जहां आवश्यक हो, वहां BLA की नियुक्ति कर उनकी सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। साथ ही, सभी दलों से प्रारूप निर्वाचक सूची का गंभीरतापूर्वक अवलोकन करने तथा पात्र मतदाताओं का नाम छूटने अथवा अपात्र व्यक्तियों का नाम सम्मिलित होने की स्थिति में निर्धारित प्रपत्र-6 एवं प्रपत्र-7 के माध्यम से दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अपील की गई। उन्होंने विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं, महिलाओं, दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों एवं अन्य वंचित वर्गों के पात्र नागरिकों का नाम निर्वाचक सूची में शामिल कराने हेतु जागरूकता अभियान चलाने तथा मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित एवं दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं से संबंधित सही जानकारी उपलब्ध कराने में सहयोग देने का आग्रह किया। इस क्रम में विशेष अभियान दिवस दिनांक 21 एवं 22 नवम्बर तथा 05 एवं 06 दिसम्बर, 2026 को BLA के माध्यम से सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गई। बैठक में BLA द्वारा आवेदन-पत्र जमा करने के संबंध में भी दिशा-निर्देश साझा किए गए। इसके तहत एक BLA द्वारा प्रतिदिन अधिकतम 10 आवेदन-पत्र BLO को जमा किए जा सकेंगे। दावा एवं आपत्ति की पूरी अवधि में 30 से अधिक आवेदन जमा किए जाने की स्थिति में संबंधित आवेदनों का पुनः सत्यापन ERO/AERO द्वारा किया जाएगा। BLA को आवेदन-पत्रों के सत्यापन से संबंधित घोषणा-पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। इसके अतिरिक्त, प्रपत्र-6 के माध्यम से नाम सम्मिलित कराने, प्रपत्र-7 के माध्यम से नाम विलोपित कराने तथा प्रपत्र-8 के माध्यम से निर्वाचक सूची में संशोधन, स्थानांतरण एवं EPIC प्रतिस्थापन आदि की प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी गई। आम नागरिक BLO के माध्यम से अथवा Voter Helpline App एवं https://voters.eci.gov.in/ पोर्टल के जरिए भी आवेदन कर सकते हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि निर्वाचक निबंधन नियमावली, 1960 के नियम-16 के अनुसार प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की सूचियां संबंधित कार्यालयों के सूचना पट्ट पर प्रदर्शित की जाएंगी तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार की वेबसाइट पर भी अपलोड की जाएंगी, ताकि आम नागरिक उनका अवलोकन कर सकें। विधानसभा क्षेत्रवार मासिक निर्वाचक सूची संबंधी आंकड़े एवं दावे-आपत्तियों की सूचियां भी ऑनलाइन उपलब्ध रहेंगी। निर्वाचक सूची में पंजीकरण, निर्वाचन प्रक्रिया एवं मतदान से संबंधित शिकायतों के लिए राज्य स्तर पर टोल फ्री नंबर 18003451950 तथा जिला स्तर पर 1950 की मतदाता सहायता केंद्र सुविधा उपलब्ध होने की जानकारी भी दी गई। अंत में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचक सूची का पुनरीक्षण एक सहभागी प्रक्रिया है, जिसमें जिला प्रशासन, निर्वाचन तंत्र, राजनीतिक दलों एवं आम नागरिकों की सामूहिक भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से इस अभियान में पूर्ण सहयोग करने की अपील की, ताकि निर्वाचक सूची को शुद्ध, समावेशी एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके।

