* लोगों को अब बगहा जाने की जहमत नहीं, पंचायत में हीं आरटीपीएस की मुहैया हो रही सुविधा
वाल्मीकिनगर, (नन्दलाल पटेल)। थाना क्षेत्र के संतपुर सोहरिया पंचायत के लोगों को अब जाति, निवास, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र सहित अन्य कार्यों के लिए बगहा जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।क्योंकि, बहुत जल्द हीं आरटीपीएस काउंटर संतपुर सोहरिया पंचायत भवन में शुरू होने जा रहा है। इस बाबत जानकारी देते हुए संतपुर सोहरिया पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि रमेश कुमार महतो ने बताया कि आरटीपीएस काउंटर की तैयारी पूरी कर ली गई है। जिसे, जल्द ही आम जनता के लिए शुरू कर दिया जायेगा। आगे उन्होंने बताया कि बिहार लोक सेवाओं का अधिकार अधिनियम के तहत आरटीपीएस काउंटर को शुरू किया जा रहा है। जिसमें पंचायतवासियों के लिए जाति, आय, निवास प्रमाण-पत्र के लिए ऑनलाइन की सुविधा उपलब्ध होगी। जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए आवेदन लिया जाएगा।दाखिल-खारिज के लिए किसान आवेदन कर सकेंगे। सामाजिक सुरक्षा पेंशन के निष्पादन की भी जानकारी दी जाएगी। डिजिटल हस्ताक्षर प्रमाणपत्र की सुविधा उपलब्ध होगा। साथ ही, लोक शिकायत निवारण अधिनियम के तहत दायर परवादों का आंतरिक आदेश देखने की भी सुविधा उपलब्ध होगा। आगे उन्होंने बताया कि यह सारी सुविधाएं हप्ते में तीन दिन सोमवार, बुधवार तथा शुक्रवार को उपलब्ध रहेगा। पंचायतवासी पंचायत भवन संतपुर सोहरिया में आकर इन का लाभ ले सकेंगे। इस मौके पर आवास सहायक अखिलेश कुमार, दलपति दिनेश काजी, विनोद कुमार महतो, श्यामबिहारी प्रसाद, नागेश्वर काजी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।








