छपरा से हमारे प्रमंडलीय ब्यूरो क संकलन :
गाड़ी में आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में स्कॉर्पियो पूरी तरह जलकर खाक हो गई
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
संवाददाता
एकमा/रसूलपुर, (सारण)। जिले के रसूलपुर थाना क्षेत्र के बेनौत व इटहरी गांवों के बीच सिवान के दारौंदा की तरफ जाने वाली सड़क पर एक चलती स्कॉर्पियो अचानक आग का गोला बन गई।

गाड़ी में आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में स्कॉर्पियो पूरी तरह जलकर खाक हो गई। गाड़ी सवार लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचाई। बताया गया है कि बेनौत गांव निवासी राकेश कुमार सिंह अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से अपने गांव व आसपास के चार दोस्तों के साथ सिवान जिला के दारौंदा क्षेत्र में स्थित विभिन्न मांगलिक कार्यक्रमों में शामिल होने गुरुवार की दोपहर बाद जा रहे थे। इस दौरान बेनौत व इटहरी गांवों के मध्य पहुंचने पर स्कॉर्पियो के इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। जब तक वे कुछ समझ पाते, गाड़ी में आग पकड़ ली और तेज लपटें उठने लगीं। स्थिति गंभीर देखते हुए राकेश कुमार सिंह ने तुरंत गाड़ी को सड़क किनारे रोककर गेट खोल दिया। तत्परता से किए गए प्रयास के चलते सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। जिसके चलते बड़ी दुर्घटना टल गई। घटना की सूचना मिलते ही रसूलपुर थाना पुलिस व अग्निशमन दल मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। हालांकि तब तक स्कॉर्पियो पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुकी थी। बताया गया है कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।








