बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
लेंस में सजा बिहार का गौरव :
कर्तव्य के साथ कला का कमाल : अपर समाहर्ता की तस्वीरों ने जीता दिल
जिला पदाधिकारी ने सराही अपर समाहर्ता की सृजनशीलता
इतिहास, विरासत, संस्कृति, वन्य जीवन और आम जनजीवन से जुड़े सैकड़ों छायाचित्रों को किया गया प्रदर्शित
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। बिहार दिवस 2026 के गौरवशाली अवसर पर जिले में आयोजित विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला में सोमवार को एक अनूठी और आकर्षक छायाचित्र प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन जिला पदाधिकारी तरणजोत सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। प्रदर्शनी में अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा द्वारा खींची गई मनमोहक और कलात्मक तस्वीरों को प्रदर्शित किया गया है, जिसने दर्शकों को खासा आकर्षित किया। उद्घाटन के पश्चात जिलाधिकारी ने प्रदर्शनी का गहन अवलोकन किया और हर एक छायाचित्र में छिपी भावनाओं, तकनीक और दृष्टिकोण की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यस्तताओं के बावजूद इस तरह की सृजनात्मकता न केवल प्रेरणादायक है, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश भी देती है।

उन्होंने विशेष रूप से श्री सिन्हा की कलात्मक सोच और प्रकृति के प्रति उनके लगाव की सराहना करते हुए इसे कर्तव्य और रचनात्मकता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। प्रदर्शनी में देश के विभिन्न हिस्सों की झलक देखने को मिली, लेकिन खास आकर्षण रहा वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से जुड़ी तस्वीरों का। इनमें वन्य जीवों, दुर्लभ पक्षियों, घने जंगलों और प्राकृतिक सुंदरता को बेहद जीवंत तरीके से कैमरे में कैद किया गया है।दर्शकों ने इन तस्वीरों को काफी सराहा और उन्हें बिहार की प्राकृतिक धरोहर का सशक्त प्रतिबिंब बताया। प्रदर्शनी के क्यूरेटर सह जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री राकेश कुमार ने बताया कि यह प्रदर्शनी आगामी तीन दिनों तक आम जनता के लिए खुली रहेगी। इसमें इतिहास, विरासत, संस्कृति, वन्य जीवन और आम जनजीवन से जुड़े सैकड़ों छायाचित्रों को प्रदर्शित किया गया है, जो दर्शकों को एक समग्र अनुभव प्रदान करेंगे। बिहार दिवस के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय भोजपुरी लोक चित्रकला कार्यक्रम का भी जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। उन्होंने कलाकारों से संवाद कर उनकी कला की सराहना की और इस पारंपरिक धरोहर को संरक्षित रखने के लिए उनके प्रयासों को सराहा। साथ ही युवा पीढ़ी को इस कला से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, अपर समाहर्ता सह लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, विशेष कार्य पदाधिकारी जिला गोपनीय शाखा सुजीत कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी रविंद्र कुमार सहित कई अन्य अधिकारी, कर्मचारी, कलाकार और प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे।








