बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी अलर्ट मोड में रहेंगे और अपने-अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करेंगे
ड्यूटी से गायब रहने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों के खिलाफ की जाएगी सख्त कार्रवाई
जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न
मेला एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और क्राउड मैनेजमेंट की पुख्ता व्यवस्था करने का निर्देश
मेला या जुलूस के दौरान डीजे बजाने, भड़काऊ या अश्लील गीत-नृत्य की अनुमति नहीं
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। रामनवमी पर्व को लेकर पश्चिम चम्पारण जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में विधि-व्यवस्था को लेकर व्यापक रणनीति बनाई गई।

बैठक का मुख्य उद्देश्य पर्व को शांतिपूर्ण एवं साम्प्रदायिक सौहार्द के साथ सम्पन्न कराना है। जिला पदाधिकारी ने कहा कि रामनवमी पर्व किसी भी सूरत में विधि-व्यवस्था के लिए चुनौती नहीं बननी चाहिए। उन्होंने सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने और अपने-अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में अब तक शांति समिति की बैठक नहीं हुई है, वहां अविलंब बैठक आयोजित की जाए। साथ ही मेला एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और क्राउड मैनेजमेंट की पुख्ता व्यवस्था करने को कहा गया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।उन्होंने निर्देश दिया कि मेला या जुलूस के दौरान डीजे बजाने, भड़काऊ या अश्लील गीत-नृत्य की अनुमति नहीं होगी। सभी अधिकारियों को इसका सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति एक भी प्रतिमा स्थापित नहीं की जाएगी और प्रतिमा के आकार पर भी नियंत्रण रखा जाएगा। विसर्जन जुलूस केवल निर्धारित रूट से ही निकलेगा। साथ ही पूरे जुलूस की वीडियोग्राफी अनिवार्य होगी। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और ड्रोन से निगरानी के भी निर्देश दिए गए हैं। विसर्जन के दौरान घाटों पर विशेष सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्युत विभाग को वायरिंग की जांच, स्वास्थ्य विभाग को इमरजेंसी सेवाएं अलर्ट रखने तथा अग्निशमन विभाग को पूरी तरह तैयार रहने को कहा गया है।जिला पदाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि ड्यूटी से गायब रहने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। बिना अनुमति कोई भी पदाधिकारी ड्यूटी स्थल नहीं छोड़ेगे। वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने सभी थानाध्यक्षों को सतर्क रहने का निर्देश देते हुए कहा कि भीड़ नियंत्रण में किसी भी तरह की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अनाधिकृत जुलूस पर पूरी तरह रोक रहेगी और बाइकर गैंग पर विशेष नजर रखी जाएगी। गुंडा परेड, बाउंड डाउन कार्रवाई और लगातार गश्ती बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं। वहीं पुलिस अधीक्षक बगहा रामानंद कौशल ने कहा कि सभी एसडीपीओ और एसएचओ अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी अवैध जुलूस न निकले। इसी क्रम में समाहरणालय सभागार में आयोजित जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक में सभी सदस्यों ने एक स्वर में प्रशासन को भरोसा दिलाया कि जिले में रामनवमी का पर्व हर वर्ष की तरह इस बार भी पूरी शांति और भाईचारे के साथ सम्पन्न कराया जाएगा। बैठक में उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा, सुजीत कुमार, एसडीएम बेतिया सदर विकास कुमार, एसडीपीओ विवेक दीप सहित कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।








