बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
लंबित मामलों और अभिलेख संधारण पर जताई नाराजगी, शीघ्र निष्पादन करने का दिया निर्देश
संबंधित के विरुद्ध शोकॉज जारी करने का निर्देश
दाखिल-खारिज (म्यूटेशन), परिमार्जन एवं ई-मापी से संबंधित मामलों की लंबित स्थिति की बिंदुवार समीक्षा की गई
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह द्वारा आज रामनगर अंचल कार्यालय का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी एवं सभी राजस्व कर्मचारियों की उपस्थिति में भूमि पोर्टल पर दाखिल-खारिज (म्यूटेशन), परिमार्जन एवं ई-मापी से संबंधित मामलों की लंबित स्थिति की बिंदुवार समीक्षा की गई। समीक्षा में पाया गया कि कई राजस्व कर्मचारियों एवं राजस्व अधिकारियों के स्तर पर विभिन्न मामलों का निष्पादन लंबित है। जिला पदाधिकारी ने लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुए उनके शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया। वहीं कार्यालय के विस्तृत निरीक्षण के दौरान अभिलेखों, पंजियों एवं संचिकाओं के रख-रखाव की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। कई स्तरों पर कमियां परिलक्षित होने पर जिला पदाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की तथा संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध स्पष्टीकरण (शोकॉज) जारी करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, विशेष कार्य पदाधिकारी (जिला गोपनीय शाखा) सुजीत कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।








