बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
नगर निगम, बेतया ने अधिक से अधिक संवेदकों से भागीदारी की अपील
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। नगर निगम, बेतिया द्वारा शहर के समग्र एवं संतुलित विकास के उद्देश्य से विभिन्न वार्डों में आधारभूत संरचना के निर्माण एवं विकास कार्यों से संबंधित कुल 165 योजनाओं के लिए ई-निविदाएँ आमंत्रित की गई हैं। इन योजनाओं में सड़क, नाला, पेवर ब्लॉक, सामुदायिक शौचालय, सौंदर्यीकरण तथा अन्य जनोपयोगी निर्माण कार्य शामिल हैं। नगर निगम का उद्देश्य इन कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा तथा गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करना है। इसी उद्देश्य से राज्य एवं देश के सभी योग्य संवेदकों से अनुरोध किया जाता है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन निविदाओं में भाग ले। अधिक संख्या में संवेदकों की सहभागिता से न केवल स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि नगर निगम को बेहतर गुणवत्ता, उचित दरों एवं समयबद्ध तरीके से विकास कार्यों के निष्पादन में भी सहायता मिलेगी, जिससे नगरवासियों को उच्च स्तरीय नागरिक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकेंगी। इच्छुक संवेदक बिहार सरकार के ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल www.eproc2.bihar.gov.in पर उपलब्ध निविदा दस्तावेजों का अवलोकन कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन निविदा समर्पित कर सकते हैं। निविदा से संबंधित विस्तृत जानकारी पोर्टल एवं जनसंपर्क विभाग, बिहार की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। नगर निगम, बेतिया सभी योग्य संवेदकों से आग्रह करता है कि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाते हुए नगर के विकास कार्यों में सहभागी बनें तथा एक सशक्त, विकसित एवं आधुनिक बेतिया के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे।








