AMIT LEKH

Post: 28 अक्टूबर को बेतिया के गांधी सभागार में आयोजित होगा जिला स्तरीय युवा उत्सव

28 अक्टूबर को बेतिया के गांधी सभागार में आयोजित होगा जिला स्तरीय युवा उत्सव

रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 14 अक्टूबर 2026

युवाओं को प्रतिभा प्रदर्शन का मिलेगा अवसर

समूह लोक नृत्य, समूह लोक गायन, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं में ले सकेंगे भाग

आवेदन की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन, पश्चिम चम्पारण, बेतिया के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 28 अक्टूबर, 2026 को बेतिया के बड़ा रमना स्थित गांधी सभागार में जिला स्तरीय युवा उत्सव–2026 का आयोजन किया जाएगा। उत्सव के माध्यम से जिले के युवा कलाकारों को अपनी रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, कला, संस्कृति एवं लोक परंपराओं के संरक्षण, संवर्धन तथा युवाओं की सांस्कृतिक अभिरुचि को प्रोत्साहित करने की दिशा में पहल की जाएगी। युवा उत्सव में विभिन्न विधाओं के अंतर्गत प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें समूह लोक नृत्य, समूह लोक गायन, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन एवं चित्रकला प्रमुख हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों की आयु सीमा 15 से 29 वर्ष निर्धारित की गई है। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्वाह्न 10:00 बजे से होगा। जिला स्तरीय युवा उत्सव में भाग लेने के इच्छुक पात्र युवा 25 अक्टूबर, 2026 तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन की सुविधा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन, दोनों माध्यमों में उपलब्ध कराई गई है। ऑनलाइन आवेदन तथा प्रतियोगिता से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश के लिए प्रतिभागी https://youthfest.dbase.in/ पर जा सकते हैं। इसके अतिरिक्त, जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट https://westchamparan.nic.in/ के माध्यम से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है। ऑफलाइन आवेदन पत्र जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, गांधी सभागार, बड़ा रमना, बेतिया में जमा किया जा सकता है। प्रतियोगिता में भाग लेने की प्रक्रिया एवं अन्य आवश्यक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9921986612 पर संपर्क किया जा सकता है। जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, राकेश कुमार ने बताया कि जिला स्तरीय युवा उत्सव की विभिन्न विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों एवं दलों को आगामी राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में भाग लेने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के बाद प्रतिवर्ष राष्ट्रीय स्तर पर भी इस प्रकार की प्रतियोगिता आयोजित की जाती है, जिसमें देशभर के युवा कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं। उन्होंने कहा कि इस दृष्टि से जिला स्तरीय युवा उत्सव जिले के प्रतिभावान युवा कलाकारों के लिए अपनी पहचान स्थापित करने तथा उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं तक पहुंचने का महत्वपूर्ण मंच है। जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने जिले के सभी पात्र युवाओं से जिला स्तरीय युवा उत्सव–2026 में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने युवाओं से अपनी कला एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए जिले की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पहचान को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया है।

Leave a Reply

Recent Post