रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 14 अक्टूबर 2026
कृषि इनपुट अनुदान योजना के तहत, पश्चिम चम्पारण के प्रभावित किसानों को भी मिला लाभ
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। अतिवृष्टि एवं विभिन्न नदियों के जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि के कारण आई बाढ़ से फसलों को हुई क्षति के मद्देनजर प्रभावित किसानों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से कृषि इनपुट अनुदान योजना के तहत अनुदान राशि का वितरण किया गया। सीएम, बिहार सम्राट चौधरी के कर-कमलों द्वारा पटना अवस्थित संवाद में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से राज्य के 2,48,704 प्रभावित किसानों के बैंक खातों में कुल 112.52 करोड़ की अनुदान राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से हस्तांतरित की गई। कार्यक्रम में बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी एवं विजेन्द्र प्रसाद यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि मंत्री, बिहार विजय कुमार सिन्हा ने की। वहीं, आपदा प्रबंधन मंत्री, बिहार रत्नेश सदा की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस योजना के तहत पश्चिम चम्पारण जिले के प्रभावित किसानों के बैंक खातों में भी 21,69,396.3 की अनुदान राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई। उक्त कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला मुख्यालय स्थित एनआईसी सभागार में किया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा एवं जिला कृषि पदाधिकारी सरफराज अहमद उपस्थित रहे। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के कारण फसल क्षति झेलने वाले किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। कृषि इनपुट अनुदान योजना के माध्यम से प्रभावित किसानों को राहत प्रदान करने के साथ-साथ आगामी कृषि कार्यों के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना के तहत पात्र किसानों को नियमानुसार लाभ उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तत्परता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। आवेदनों का निर्धारित प्रावधानों के अनुसार सत्यापन करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि पात्र किसानों को अनुदान राशि का लाभ समय पर प्राप्त हो तथा योजना के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब नहीं हो।








