AMIT LEKH

Post: मसरख अमृत भारत स्टेशन का डीआरएम ने किया निरीक्षण

मसरख अमृत भारत स्टेशन का डीआरएम ने किया निरीक्षण

रिपोर्ट : छपरा डेस्क, 15 अक्टूबर 2026

मढ़ौरा समेत कई स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का लिया जायजा

संरक्षा व्यवस्था से लेकर साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था तक की हुई समीक्षा, अधिकारियों को सुधार के दिए निर्देश

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

छपरा/मशरक/मढौरा, (सारण)। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशीष जैन ने गुरुवार को छपरा कचहरी–थावे रेलखंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मसरख अमृत भारत स्टेशन सहित मढ़ौरा और रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं, संरक्षा व्यवस्था तथा विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को यात्री सुविधाओं में सुधार लाने और रेल परिचालन को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए। डीआरएम ने विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण के क्रम में खैरा, पटेरही, मढ़ौरा, शामकौड़िया, राजापट्टी, दिघवारा, दुबौली, सिधवलिया, रतनसराय, मांझागढ़ और गोपालगंज सहित विभिन्न स्टेशनों का निरीक्षण किया। उन्होंने सिधवलिया में निर्माणाधीन गुड्स शेड का भी जायजा लिया और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

मसरख अमृत भारत स्टेशन पर विकास कार्यों की समीक्षा :

निरीक्षण के दौरान मसरख अमृत भारत स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, संरक्षा व्यवस्था और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे शेष कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए स्टेशन पर सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया।

प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई पर विशेष जोर :

डीआरएम आशीष जैन ने विभिन्न स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म की स्थिति, प्रकाश व्यवस्था, सर्कुलेटिंग एरिया, शौचालय और साफ-सफाई का बारीकी से निरीक्षण किया। सर्कुलेटिंग एरिया में लगी हाईमास्ट लाइट को दुरुस्त करने का निर्देश दिया, ताकि यात्रियों को आवागमन के दौरान बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

संरक्षा उपकरणों की कार्यशीलता की हुई जांच :

रेल परिचालन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए डीआरएम ने स्टेशन मास्टर और पॉइंट मैन से परिचालन एवं संरक्षा नियमों की जानकारी ली। इस दौरान पैनल इंटरलॉकिंग, डाटा लॉगर, आपातकालीन बटन, संकेतक एवं डिस्प्ले, संचार उपकरण, समपार फोन और अग्निशमन यंत्रों की कार्यशीलता की जांच की गई। साथ ही, रेलकर्मियों की योग्यता, कार्य के प्रति तत्परता और संबंधित रजिस्टरों का भी अवलोकन किया गया।

अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश : 

डीआरएम ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सभी संरक्षा उपकरणों को हमेशा कार्यशील रखने, संरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने और यात्री सुविधाओं में लगातार सुधार करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्माणाधीन गुड्स शेड सहित अन्य विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने पर भी विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर ब्रह्मानंद, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर-द्वितीय अमित मणि त्रिपाठी, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बालेन्द्र पाल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं वरिष्ठ पर्यवेक्षक मौजूद रहे। पूर्वोत्तर रेलवे के अनुसार, यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, रेल आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने और सुरक्षित एवं सुचारु रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Recent Post