AMIT LEKH

Post: जो व्यक्ति भाजपा के साथ नहीं है उस पर सीबीआई व ईडी का पड़ेगा छापा : प्रशांत किशोर

जो व्यक्ति भाजपा के साथ नहीं है उस पर सीबीआई व ईडी का पड़ेगा छापा : प्रशांत किशोर

जन सुराज पदयात्रा के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा है कि समाज में ऐसी धारणा बनती जा रही है कि जो नेता भाजपा का विरोध करेंगे उन नेताओं पर ईडी और सीबीआई के छापे पड़ते रहेंगे

न्यूज़ डेस्क, मोतिहारी ब्यूरो

दिवाकर पाण्डेय

–  अमिट लेख

पटना, (जिला ब्यूरो)। जन सुराज पदयात्रा के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा है कि समाज में ऐसी धारणा बनती जा रही है कि जो नेता भाजपा का विरोध करेंगे उन नेताओं पर ईडी और सीबीआई के छापे पड़ते रहेंगे। उन्होंने कहा कि जो नेता भाजपा में शामिल हो जाते हैं अथवा समर्थक हो जाते हैं तब उन पर दर्ज गड़बड़ घोटाले के मुकदमों की फाइल बंद हो जाती है। यह प्रवृत्ति लोकतंत्र के लिए ख़तरनाक है। प्रशांत किशोर ने उक्त बातें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के 2 नवंबर को ईडी के सामने पेश होने की खबर पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही। उन्होंने कहा कि केजरीवाल से पहले दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और राज्य सभा सांसद संजय सिंह को मनी लांड्रिंग मामले में जेल भेजा जा चुका है। इस मामले में जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को बुलाए या किसी दूसरे को। समाज में एक छवि बनती जा रही है कि जो व्यक्ति, जो नेता बीजेपी के साथ नहीं है उस पर ईडी-सीबीआई का छापा पड़ेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ईडी-सीबीआई अपना काम करे, जिसने गलती की है उसकी जांच हो, उसको सजा मिले। इससे जनता को कोई दिक्कत नहीं है। दिक्कत इस बात से होती है कि जिस आदमी की जांच चल रही है, वही आदमी पलटकर अगर भाजपा में चला जाए तो जांच रुक जाएगी। मुकदमों की फाइल दबा दी जाती है। लोगों को दिक्कत इसी से है। लोगों को दिक्कत इससे नहीं है कि लालू यादव और अरविंद केजरीवाल अथवा टीएमसी व अन्य के खिलाफ जांच चल रही है। अगर किसी ने गलती की है और सरकार जांच कराना चाहती है तो जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार पर लोगों में भी इस बात की चर्चा खूब होती है कि भाजपा वाशिंग मशीन है, जो पार्टी ज्वाइन करेगा वो साधु हो जाएगा। उक्त जानकारी देते हुए प्रदेश मुख्य प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय कुमार ठाकुर ने बताया कि प्रशांत किशोर फिलवक्त बिहार के मधुबनी जिले में पदयात्रा कर रहे हैं। इस दौरान मधुबनी के हरलाखी में प्रशांत किशोर ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि मान लीजिए मैं ये भी तर्क मान लेता हूं कि सब ईमानदार लोग भाजपा में ही हैं, सारे चोर विपक्ष में हैं। सबसे बड़ी दिक्कत ये है कि जिस भी पक्ष के आदमी पर आप संज्ञान लेकर अभियोजन चला रहे हैं, सीबीआई, ईडी का रेड करा रहे हैं और वहीं लोग कल होकर भाजपा ज्वाइन कर लेते हैं तो वो साधु हो जाएगा, दिक्कत इस बात से है। लोगों को, समाज को इस बात से दिक्कत होनी चाहिए कि अगर कल तक कानून की नजर में वो आदमी गलत था, दोषी था, जांच के योग्य था तो भाजपा ज्वाइन कर लेने भर से वो साफ कैसे हो जाएगा ? इसलिए लोग कहते हैं कि भाजपा वाशिंग मशीन है, तब लोगों के मन में ये बात आती है कि इन जांच एजेंसियों का उपयोग आप जांच के लिए नहीं बल्कि उनको डराने के लिए कर रहे हैं ताकि लोग आपके सामने खड़े न हो, लोकतंत्र में कोई आपका विरोध न करे। यह प्रवृत्ति लोकतंत्र के लिए ख़तरनाक है।

Comments are closed.

Recent Post